भागलपुर रेलवे स्टेशन के गेट नंबर-6 के बाहर मोबाइल छिनतई का विरोध करने पर बदमाशों ने फायरिंग और चाकू से हमला किया। दो युवक गंभीर रूप से घायल।
News Saga Desk
भागलपुर: बिहार के भागलपुर रेलवे स्टेशन के बाहर रविवार सुबह अपराधियों ने जमकर उत्पात मचाया। स्टेशन के गेट नंबर-6 के पास मोबाइल छिनतई का विरोध करने पर बदमाशों ने पहले फायरिंग की और फिर चाकू व तलवार से हमला कर दिया। इस हिंसक घटना में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की पहचान मोजाहिदपुर थाना क्षेत्र निवासी मो. मिराज और मोंटी के रूप में हुई है। मिराज के हाथ में गोली लगी है, जबकि मोंटी पर चाकू से कई वार किए गए हैं।
घायल मो. मिराज के मुताबिक, रविवार सुबह करीब 9 बजे वह घर से निकलकर रेलवे स्टेशन के पास पहुंचे थे। इसी दौरान उन्होंने एक बाइक पर सवार तीन युवकों को तेजी से भागते देखा। पीछे से एक यात्री ने शोर मचाते हुए बताया कि बदमाश उसका मोबाइल छीनकर भाग रहे हैं।
यात्री की मदद के लिए मिराज ने बाइक सवार युवकों को आवाज लगाकर रोका और मोबाइल वापस करने को कहा। इस पर बदमाश भड़क गए और पिस्टल निकालकर एक राउंड फायरिंग कर दी। हालांकि, मिराज ने यात्री को उसका मोबाइल वापस दिलवा दिया। इसके बाद बदमाश उन्हें गोली मारने की धमकी देते हुए वहां से चले गए।
आधे घंटे बाद हथियारों के साथ लौटे बदमाश
मिराज के अनुसार, करीब आधे घंटे बाद वही बदमाश 5 से 7 अन्य युवकों के साथ दोबारा मौके पर पहुंचे। उनके पास हथियार भी थे। आरोप है कि बदमाशों ने स्टेशन के गेट नंबर-6 के बाहर स्थित गली में अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद अपराधी रेलवे परिसर की ओर बढ़े और टिकट काउंटर तथा पार्किंग क्षेत्र के आसपास भी गोलियां चलाईं। अचानक हुई गोलीबारी से स्टेशन पर मौजूद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। लोग जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे।इस दौरान बदमाशों ने मिराज और मोंटी पर चाकू व तलवार से हमला कर दिया। गोली लगने से मिराज घायल हो गए, जबकि मोंटी पर चाकू से कई वार किए गए। घटना में दोनों युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गए। घटना की सूचना मिलते ही रेल पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। दोनों घायलों को तत्काल इलाज के लिए जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल (मायागंज) में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
FIR दर्ज, फरार अपराधियों की तलाश में छापेमारी
जीआरपी थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर नसीम अहमद ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि प्लेटफॉर्म संख्या-6 के गेट के बाहर युवक पर चाकू से हमला और फायरिंग की घटना हुई है। पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फरार आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी है। रेलवे स्टेशन जैसे सार्वजनिक स्थान के बाहर हुई इस घटना ने यात्रियों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
No Comment! Be the first one.