पटना के महुआबाग में मद्य निषेध विभाग ने छापेमारी कर 2497 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद की। 8.80 लाख रुपये की शराब के साथ रंजन कुमार गिरफ्तार हुआ।
News Saga Desk
बिहार की राजधानी पटना में मद्य निषेध विभाग ने अवैध शराब कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। एयरपोर्ट थाना क्षेत्र के महुआबाग इलाके में छापेमारी कर एक किराये के कमरे से 733 लीटर से अधिक अंग्रेजी शराब बरामद की गई। जब्त शराब की कुल मात्रा 2497 बोतल बताई गई है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 8 लाख 80 हजार रुपये है। इस मामले में विभाग ने राजाबाजार निवासी रंजन कुमार को गिरफ्तार किया है।
मिली जानकारी के अनुसार, 1 नवंबर की रात करीब 12:50 बजे मद्य निषेध विभाग को महुआबाग इलाके में शराब की खेप छिपाकर रखे जाने की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर निरीक्षक दीपक महतो के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई। इसके बाद टीम ने संबंधित इलाके में छापेमारी कर किराये के कमरे की तलाशी ली, जहां से भारी मात्रा में शराब बरामद हुई।
यूपी, एमपी और हरियाणा से मंगाई जाती थी शराब
विभाग के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी रंजन कुमार से पूछताछ में शराब की सप्लाई को लेकर अहम जानकारी मिली है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और हरियाणा से शराब मंगाकर पटना में बेची जाती थी।
शराब बरामद होने के बाद संबंधित किराये के कमरे को सील कर दिया गया है। विभाग अब इस अवैध कारोबार से जुड़े सप्लाई नेटवर्क और बिक्री के ठिकानों की जानकारी जुटा रहा है।
शराब तस्करी नेटवर्क की जांच में जुटा विभाग
गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के आधार पर विभाग अन्य लोगों की पहचान करने में जुटा है। अधिकारियों का कहना है कि शराब की खेप कहां से लाई गई थी और पटना में किन लोगों तक इसकी सप्लाई होनी थी, इसकी जांच की जा रही है। इस छापेमारी में निरीक्षक दीपक महतो के साथ कुमारी पूजा गुप्ता और सिपाही अमित गोविंद, बाबनचंद तथा खुशबू शामिल थे।
No Comment! Be the first one.