दीपावली पर हुई जमकर आतिशबाजी का असर अब झारखंड के शहरों की हवा पर दिखाई देने लगा है। त्योहार के अगले दिन सोमवार सुबह राज्य के कई शहरों में वायु प्रदूषण का स्तर बढ़ा हुआ दर्ज किया गया।
NEWS SAGA DESK
दीपावली पर हुई जमकर आतिशबाजी का असर अब झारखंड के शहरों की हवा पर दिखाई देने लगा है। त्योहार के अगले दिन सोमवार सुबह राज्य के कई शहरों में वायु प्रदूषण का स्तर बढ़ा हुआ दर्ज किया गया। राजधानी रांची के साथ धनबाद, हजारीबाग, जमशेदपुर और चक्रधरपुर की हवा भी प्रदूषण की चपेट में नजर आई। हालात ऐसे हैं कि इन शहरों का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) Unhealthy श्रेणी में दर्ज किया गया।
हजारीबाग में सबसे ज्यादा प्रदूषण, धनबाद भी पीछे नहीं
दीपावली के बाद हवा में प्रदूषण फैलाने वाले सूक्ष्म कणों का स्तर भी चिंता बढ़ा रहा है। हजारीबाग में PM2.5 का स्तर 88 और PM10 का स्तर 104 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर दर्ज किया गया। वहीं धनबाद में PM2.5 की मात्रा 78 और PM10 की मात्रा 137 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर रही। जमशेदपुर में AQI 161 दर्ज किया गया, जबकि चक्रधरपुर में भी वायु गुणवत्ता सूचकांक इसी स्तर पर रहा। आंकड़े बताते हैं कि आतिशबाजी के बाद राज्य के कई शहरी इलाकों में हवा की गुणवत्ता प्रभावित हुई है।
रांची में PM2.5 का स्तर 68, PM10 भी 97
राजधानी रांची में भी प्रदूषण का असर साफ दिखाई दिया। यहां सोमवार सुबह AQI 159 दर्ज किया गया। प्रदूषण के प्रमुख कारक PM2.5 का स्तर 68 और PM10 का स्तर 97 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर रहा। वहीं, रांची का तापमान 24 डिग्री सेल्सियस और हवा में नमी 44 प्रतिशत दर्ज की गई। दूसरी ओर चक्रधरपुर में PM2.5 का स्तर 70 और PM10 का 84 रहा। चितरंजन में PM2.5 की मात्रा 87 और PM10 की मात्रा 111 दर्ज की गई। जमशेदपुर में PM2.5 का स्तर 69 और PM10 का 83 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर रहा।
गुमला से रांची तक बढ़ने लगा ठंड का असर
प्रदूषण के साथ-साथ झारखंड के कई जिलों में ठंड का प्रभाव भी धीरे-धीरे बढ़ रहा है। गुमला, लोहरदगा, पलामू, हजारीबाग और रांची में सुबह और शाम के वक्त तापमान में गिरावट महसूस की जा रही है। खासकर गुमला में ठंड का असर लगातार बढ़ रहा है। ऊंचाई वाले और अन्य क्षेत्रों की तुलना में इन इलाकों में सुबह-शाम अधिक ठंड महसूस हो रही है।
बच्चों और बुजुर्गों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत
दीपावली के बाद हवा में बढ़े प्रदूषण का सबसे ज्यादा असर बच्चों, बुजुर्गों और सांस संबंधी समस्याओं से जूझ रहे लोगों पर पड़ सकता है। प्रदूषित हवा में मौजूद PM2.5 और PM10 जैसे कण स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक हो सकते हैं। ऐसे में लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है। सुबह और देर शाम प्रदूषण का असर अधिक महसूस होने पर अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचें। जरूरत पड़ने पर अच्छी गुणवत्ता वाला मास्क पहनें और बच्चों व बुजुर्गों को प्रदूषित वातावरण से दूर रखें।
No Comment! Be the first one.