रांची के अरगोड़ा थाना क्षेत्र के बंद फ्लैट से सोमवार को युवक का शव बरामद हुआ। कमरे से दुर्गंध आने पर पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव निकाला।
News Saga Desk
रांची: झारखंड की राजधानी रांची से एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। अरगोड़ा थाना क्षेत्र स्थित एक बंद फ्लैट के कमरे से सोमवार को एक युवक का शव बरामद किया गया। बताया जा रहा है कि युवक की मौत करीब दो दिन पहले ही हो चुकी थी। कमरे से तेज दुर्गंध आने के बाद आसपास के लोगों को शक हुआ, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही अरगोड़ा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने बंद कमरे का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया, जहां युवक का शव पड़ा मिला। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया।
बुजुर्ग मां के साथ फ्लैट में रहता था युवक
अरगोड़ा थाना प्रभारी सतीश गोराई के अनुसार, शुरुआती जांच में पता चला है कि युवक उसी फ्लैट में अपनी बुजुर्ग मां के साथ रहता था। मां और बेटे की आर्थिक स्थिति काफी खराब थी। दोनों भीख मांगकर किसी तरह अपना जीवनयापन कर रहे थे।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, कमरे से लगातार दुर्गंध आ रही थी। इसके बाद आसपास के लोगों ने पुलिस को इसकी जानकारी दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दरवाजा खुलवाया तो अंदर युवक का शव मिला।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
फिलहाल युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। अरगोड़ा थाना की पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। वहीं, इस घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है।
No Comment! Be the first one.