रांची के 10 मंजिला अपार्टमेंट में लगी भीषण आग, चौथे तल्ले का फ्लैट जलकर राख, मची अफरा-तफरी

रांची के बरियातू स्थित अंपायर अपार्टमेंट के चौथे तल्ले पर डॉ. सतीश शर्मा के बंद फ्लैट में आग लग गई। दमकल कर्मियों ने एक घंटे में आग पर काबू पाया।

News Saga Desk

रांची: राजधानी रांची के बरियातू थाना क्षेत्र में सोमवार शाम एक 10 मंजिला अपार्टमेंट में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। घटना अंतू चौक के पास स्थित अंपायर अपार्टमेंट की है, जहां चौथे तल्ले पर स्थित डॉ. सतीश शर्मा के बंद पड़े फ्लैट में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि फ्लैट के अंदर रखे अधिकांश सामान जलकर नष्ट हो गए।

जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम करीब 5:15 बजे फ्लैट से आग की लपटें और धुआं उठने लगा। जिस समय यह घटना हुई, उस वक्त फ्लैट में चिकित्सक के परिवार का कोई भी सदस्य मौजूद नहीं था। आग लगने की सूचना मिलते ही अपार्टमेंट में रहने वाले लोगों के बीच हड़कंप मच गया। आनन-फानन में लोग अपने-अपने फ्लैट से बाहर निकलकर सुरक्षित स्थान पर पहुंच गए।

घटना की जानकारी मिलने पर डॉ. सतीश शर्मा भी अपार्टमेंट पहुंचे। वहीं, सूचना मिलते ही बरियातू थाना की पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद करीब एक घंटे में आग पर काबू पाया। समय रहते आग बुझा लिए जाने से अपार्टमेंट में एक बड़ा हादसा होने से टल गया।

प्रारंभिक आशंका जताई जा रही है कि फ्लैट के ड्राइंग रूम में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी होगी। इसके बाद आग ने धीरे-धीरे अन्य कमरों को भी अपनी चपेट में ले लिया। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

इस घटना ने एक बार फिर बहुमंजिला इमारतों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था और बिजली के उपकरणों की नियमित जांच की जरूरत को सामने ला दिया है।

Read More News

Read More