निशा भगत मामले में सुदेश महतो ने उठाई सीबीआई जांच की मांग, सरकार पर साधा निशाना

NEWS SAGA DESK

आजसू सुप्रीमो सुदेश महतो ने निशा कुमारी भगत की मौत की सीबीआई जांच की मांग करते हुए हेमंत सोरेन सरकार और पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाए हैं।

झारखंड की दिवंगत आदिवासी नेत्री निशा कुमारी भगत की संदिग्ध मौत का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। रविवार, 09 नवंबर 2026 को आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री श्री सुदेश कुमार महतो गुमला जिले के चैनपुर प्रखंड अंतर्गत दिवंगत नेत्री के पैतृक गांव उरु बारुडीह पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल पिता और झारखंड आंदोलनकारी हांदू भगत तथा अन्य परिजनों से मुलाकात कर अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की और इस दुख की घड़ी में हरसंभव कानूनी व सामाजिक सहयोग का भरोसा दिलाया। इस दौरान उनके साथ आजसू के केंद्रीय उपाध्यक्ष हसन अंसारी और मुख्य प्रवक्ता डॉ. देवशरण भगत भी विशेष रूप से मौजूद रहे।

आत्महत्या नहीं, निष्पक्ष सीबीआई जांच हो: सुदेश महतो

गाँव में परिजनों से मिलने के बाद मीडिया और स्थानीय लोगों को संबोधित करते हुए सुदेश महतो ने कहा कि निशा भगत की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत की घटना ने पूरे झारखंड समाज को झकझोर कर रख दिया है। यह कोई साधारण घटना प्रतीत नहीं होती है। इस पूरे घटनाक्रम की तह तक जाने के लिए मामले की निष्पक्ष जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) से कराई जानी बेहद जरूरी है, ताकि दूध का दूध और पानी का पानी हो सके तथा सच्चाई सामने आने पर दोषियों की जवाबदेही तय की जा सके।

हेमंत सरकार और पुलिस-प्रशासन पर खड़े किए गंभीर सवाल

आजसू सुप्रीमो ने राज्य की हेमंत सोरेन सरकार और स्थानीय पुलिस-प्रशासन की कार्यशैली पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि आज झारखंड में कानून-व्यवस्था की स्थिति बेहद चिंताजनक होती जा रही है और प्रदेश में कोई भी खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रहा है। ऐसा प्रतीत होता है कि शासन व्यवस्था से सरकार का नियंत्रण कमजोर पड़ चुका है और अधिकारी व माफिया मिलकर तंत्र को प्रभावित कर रहे हैं।

सुदेश महतो ने खास तौर पर पुलिस की लापरवाही पर सवाल उठाते हुए कहा कि आत्महत्या से ठीक पहले निशा भगत का फोन आने के बावजूद संबंधित थाना प्रभारी द्वारा समय पर उचित सक्रियता या कार्रवाई न करना बेहद गंभीर कर्तव्यहीनता को दर्शाता है। यह पुलिस-प्रशासन की संवेदनहीनता को उजागर करता है। उन्होंने इस बात पर भी गहरा दुख जताया कि इतनी बड़ी घटना के बाद भी राज्य सरकार की ओर से संवेदनशीलता दिखाते हुए कोई औपचारिक संवेदना तक व्यक्त नहीं की गई है।

आजसू प्रमुख की प्रमुख मांगें

सुदेश महतो ने स्पष्ट शब्दों में मांग की है कि:

  1. दिवंगत निशा कुमारी भगत की मौत के पूरे प्रकरण की सीबीआई (CBI) से जांच कराई जाए।
  2. घटना से जुड़े सभी तथ्यों और बयानों को सार्वजनिक किया जाए।
  3. जांच के दौरान जिनकी भी लापरवाही या संलिप्तता सामने आए, उनके विरुद्ध कठोरतम कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

इस दौरान उनके साथ आजसू पार्टी के केंद्रीय सचिव गोपीनाथ सिंह, गुमला जिला अध्यक्ष दिलीप नाथ साहू, विज्ञान सिंह सहित पार्टी के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Read More News

निशा भगत मामले में अजय तिर्की और ज्योत्सना केरकेट्टा की गिरफ्तारी की मांग, रांची में लगेगी प्रतिमा

केंद्रीय सरना समिति और विभिन्न आदिवासी संगठनों ने रांची में प्रेस वार्ता कर निशा भगत की मौत की...

Read More