रांची में छठ पूजा को लेकर NDRF अलर्ट हो गई है। धुर्वा डैम पर जवानों ने फ्लैग मार्च कर सुरक्षा तैयारियों का जायजा लिया।
रांची: लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर राजधानी रांची में सुरक्षा तैयारियां तेज हो गई हैं। छठ पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) की टीम अलर्ट मोड में आ गई है। मंगलवार सुबह NDRF के जवानों की विशेष टीम प्रसिद्ध धुर्वा डैम पहुंची और वहां सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
छठ महापर्व के दौरान जलाशयों, तालाबों और नदी घाटों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान सूर्य को अर्घ्य देने पहुंचते हैं। इस दौरान किसी भी संभावित दुर्घटना या आपातकालीन स्थिति से निपटना प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती होती है। इसी को ध्यान में रखते हुए NDRF की टीम ने धुर्वा डैम परिसर और आसपास के इलाकों में फ्लैग मार्च और रूट मार्च किया। जवानों ने क्षेत्र का निरीक्षण कर सुरक्षा तैयारियों का जायजा लिया।
छठ पूजा के दौरान घाटों पर भीड़ और जलाशयों में श्रद्धालुओं की मौजूदगी को देखते हुए NDRF की सतर्कता काफी महत्वपूर्ण है। टीम का उद्देश्य किसी भी अप्रिय घटना या आपातकालीन परिस्थिति में तत्काल राहत और बचाव कार्य सुनिश्चित करना है। छठ महापर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा एजेंसियां अपनी तैयारियों में जुटी हैं।
No Comment! Be the first one.