हजारीबाग के चौपारण स्थित दनुआ घाटी में हुए भीषण सड़क हादसे ने कई परिवारों की खुशियां छीन ली हैं। हादसे में जान गंवाने वालों के शव जब सोमवार देर शाम उनके गांव पहुंचे, तो पूरे इलाके में मातम पसर गया
NEWS SAGA DESK
हजारीबाग के चौपारण स्थित दनुआ घाटी में हुए भीषण सड़क हादसे ने कई परिवारों की खुशियां छीन ली हैं। हादसे में जान गंवाने वालों के शव जब सोमवार देर शाम उनके गांव पहुंचे, तो पूरे इलाके में मातम पसर गया। मंगलवार को बगोदर प्रखंड की मुंडरो पंचायत के बिहारो गांव में एक साथ पांच लोगों का अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान सबसे हृदयविदारक दृश्य तब सामने आया, जब महज तीन साल के साजन कुमार ने अपने माता-पिता को मुखाग्नि दी।
पिता को अंतिम विदाई देने निकला था राजू, खुद भी नहीं लौटा
इस हादसे में राजू प्रजापति का पूरा परिवार बिखर गया। राजू अपने 70 वर्षीय पिता कुंजो कुम्हार का अंतिम संस्कार करने के लिए परिवार के सदस्यों के साथ वाराणसी जा रहा था। लेकिन चौपारण की दनुआ घाटी में हुए हादसे ने इस सफर को जिंदगी का आखिरी सफर बना दिया। दुर्घटना में राजू और उसकी पत्नी सावित्री देवी की भी मौत हो गई। जिस पिता को अंतिम विदाई देने के लिए राजू घर से निकला था, अंत में तीनों की अर्थियां गांव पहुंचीं।
मासूम साजन ने दी माता-पिता को अंतिम विदाई
मंगलवार को बिहारो गांव के श्मशान घाट पर तीन वर्षीय साजन ने अपने माता-पिता को मुखाग्नि दी। हादसे में उसके सिर से मां-बाप का साया हमेशा के लिए उठ गया। दादा, पिता, मां और बड़ी मां की चिताएं एक साथ जलती देख वहां मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं। साजन की दोनों बहनों का भी रो-रोकर बुरा हाल था।
छह लोगों की मौत, 12 घायल
हादसे में बिहारो गांव के कुंजो कुम्हार, राजू प्रजापति, सावित्री देवी, बुधनी देवी और रामकिशुन मंडल समेत छह लोगों की जान गई। मृतकों में चलकुशा और करंबा गांव के लोग भी शामिल हैं। वहीं, दुर्घटना में 12 लोग घायल हुए हैं। इनमें रुबिया देवी, दीपनी देवी और उगनी देवी की हालत गंभीर बताई जा रही है। बेहतर इलाज के लिए तीनों को रांची के रिम्स रेफर किया गया है। हादसे के बाद बगोदर, चलकुशा और सरिया इलाके में शोक की लहर है।
No Comment! Be the first one.