News Saga Desk
कटिहार। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के पहले दिन शुक्रवार को बिहार के कटिहार जिले में दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। नहाय-खाय के अवसर पर गंगा स्नान करने मनिहारी जा रहे छह श्रद्धालुओं की स्कॉर्पियो कटिहार-मनिहारी फोरलेन पर सड़क किनारे खड़े बालू लदे ट्रक से टकरा गई। हादसे में दंपती समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक बच्ची और चालक सहित तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, दुर्घटना शुक्रवार तड़के करीब पांच बजे मनिहारी थाना क्षेत्र के नारायणपुर कुतुबपुर के समीप हुई। स्कॉर्पियो में सवार सभी छह लोग कटिहार नगर थाना क्षेत्र के बैगना मोहल्ले के निवासी थे। सभी छठ महापर्व के नहाय-खाय अनुष्ठान के लिए पवित्र गंगा स्नान करने मनिहारी गंगा घाट जा रहे थे।
इसी दौरान उनकी स्कॉर्पियो सड़क किनारे पहले से खड़े बालू लदे ट्रक से पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
मृतकों में पति-पत्नी और पड़ोसी महिला शामिल
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान बैगना निवासी शंभू सिंह (68), उनकी पत्नी उषा सिंह (65) और उनकी पड़ोसी मंजू रानी साहा के रूप में हुई है। मंजू रानी साहा के पति का नाम इंदु साहा बताया गया है। तीनों मृतक एक ही मोहल्ले के निवासी थे। प्रारंभिक पुलिस जांच और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सड़क किनारे खड़ा बालू लदा ट्रक तकनीकी खराबी के कारण पहले से रुका हुआ था। आशंका जताई जा रही है कि स्कॉर्पियो चालक को झपकी आने के कारण वाहन अनियंत्रित हो गया और ट्रक के पिछले हिस्से से टकरा गया। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच पुलिस कर रही है।
घायलों का अस्पताल में इलाज जारी
हादसे की सूचना मिलते ही मनिहारी थाना पुलिस और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे। राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर क्षतिग्रस्त स्कॉर्पियो में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए कटिहार सदर अस्पताल भेज दिया है। वहीं, गंभीर रूप से घायल चालक और एक बच्ची सहित तीनों घायलों को मनिहारी अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को जब्त कर मामले की जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
No Comment! Be the first one.