रांची के होटवार जेल में 20 वर्षीय विचाराधीन बंदी से तीन बार सामूहिक यौन शोषण का आरोप। पिता की शिकायत पर जेल अधीक्षक समेत 19 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज।
News Saga Desk
रांची : राजधानी रांची स्थित होटवार जेल में एक 20 वर्षीय विचाराधीन बंदी के साथ कथित सामूहिक यौन शोषण का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़ित के पिता की लिखित शिकायत पर खेलगांव थाने में जेल अधीक्षक, वार्ड इंचार्ज और जेल अस्पताल के मेडिकल अफसर समेत 19 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोप है कि जेल में बंद कैदियों के एक समूह ने युवक को नशीला पदार्थ देकर तीन अलग-अलग मौकों पर उसके साथ यौन हिंसा की।
जेल में तीन बार यौन शोषण किए जाने का आरोप
प्राथमिकी के अनुसार, पीड़ित युवक एक मामले में विचाराधीन बंदी के रूप में होटवार जेल में बंद था। रांची की अदालत ने 12 जून 2026 को उसे बरी कर दिया था। पीड़ित के पिता का आरोप है कि 31 जनवरी से 12 जून 2026 के बीच जेल के भीतर उनके बेटे के साथ तीन बार सामूहिक यौन शोषण किया गया।
शिकायत में कहा गया है कि पहली घटना के दौरान आरोपित कैदियों ने युवक को जबरन महिलाओं के कपड़े पहनाए और नशीला पदार्थ देकर वार्ड संख्या 3-ए में उसके साथ यौन हिंसा की। दूसरी घटना तीन नंबर ग्राउंड हॉल और तीसरी घटना वार्ड संख्या पांच में होने का आरोप लगाया गया है।
शिकायत करने पर आवेदन फाड़ने का आरोप
पीड़ित के पिता ने जेल प्रशासन की भूमिका पर भी गंभीर सवाल उठाए हैं। प्राथमिकी के अनुसार, युवक ने जेल के भीतर हुई घटनाओं की लिखित शिकायत वार्ड इंचार्ज से की थी, लेकिन आरोप है कि वार्ड इंचार्ज ने शिकायत पत्र फाड़ दिया और उसके साथ दुर्व्यवहार किया।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि शारीरिक चोट और रक्तस्राव की समस्या होने पर युवक जेल अस्पताल पहुंचा, लेकिन मेडिकल अफसर ने उचित उपचार उपलब्ध नहीं कराया।
रिहाई के समय मेडिकल जांच नहीं कराने का आरोप
शिकायतकर्ता के अनुसार, 12 जून 2026 को जेल से रिहा होने के दौरान युवक की मेडिकल जांच भी नहीं कराई गई। जेल से बाहर आने के बाद वह लंबे समय तक मानसिक सदमे में रहा। बाद में उसने अपने परिजनों को जेल के भीतर कथित रूप से हुई घटनाओं की जानकारी दी। इसके बाद पीड़ित के पिता ने खेलगांव थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई।
जेल अधीक्षक समेत 19 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
इस मामले में 12 नवंबर की शाम 6:05 बजे प्राथमिकी दर्ज की गई। शिकायत के आधार पर जेल में बंद 16 कैदियों के अलावा जेल अधीक्षक, वार्ड इंचार्ज और जेल अस्पताल के मेडिकल अफसर को भी आरोपी बनाया गया है। प्राथमिकी में साक्ष्य छिपाने और साजिश रचने से संबंधित आरोप भी लगाए गए हैं। मामले की जांच की जिम्मेदारी खेलगांव थाने के सब-इंस्पेक्टर कुमार शिवम को सौंपी गई है। फिलहाल ये सभी आरोप प्राथमिकी और शिकायतकर्ता के बयानों पर आधारित हैं। पुलिस जांच में ही घटनाओं और आरोपितों की भूमिका की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
No Comment! Be the first one.