झारखंड स्थापना दिवस पर पीएम मोदी ने दी शुभकामनाएं, राष्ट्रपति मुर्मू ने भगवान बिरसा मुंडा को किया नमन

झारखंड के 26वें स्थापना दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्यवासियों को शुभकामनाएं दीं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की। जानें झारखंड का इतिहास और स्थापना दिवस का महत्व।

News Saga Desk

रांची। झारखंड में रविवार को राज्य का 26वां स्थापना दिवस पूरे उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्यवासियों को शुभकामनाएं देते हुए झारखंड की समृद्ध जनजातीय संस्कृति, प्राकृतिक संपदा और विकास की संभावनाओं की सराहना की। वहीं, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर अपने संदेश में झारखंड को जनजातीय गौरव, सांस्कृतिक विविधता और प्राकृतिक संपदा का अनूठा संगम बताया। उन्होंने कहा कि राज्य के घने जंगल, खूबसूरत झरने और ऐतिहासिक स्थल इसकी विशिष्ट पहचान हैं।

प्रधानमंत्री ने भगवान बिरसा मुंडा के साहस, संघर्ष और बलिदान को नमन करते हुए कहा कि झारखंड में खनिज, ऊर्जा, हस्तशिल्प और पर्यटन के क्षेत्र में अपार संभावनाएं मौजूद हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि राज्य के मेहनती और प्रतिभाशाली लोग अपने संकल्प तथा परिश्रम से झारखंड को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बिरसा मुंडा को दी श्रद्धांजलि

भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने नई दिल्ली स्थित संसद भवन परिसर में उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंने महान स्वतंत्रता सेनानी और आदिवासी जननायक के अदम्य साहस, संघर्ष तथा बलिदान को याद किया।

उल्लेखनीय है कि बिरसा मुंडा की जयंती प्रत्येक वर्ष 15 नवंबर को देशभर में जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाई जाती है। यह दिन जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, संस्कृति और स्वतंत्रता संग्राम में उसके योगदान को सम्मान देने का अवसर है।

15 नवंबर 2000 को हुआ था झारखंड का गठन

झारखंड का गठन 15 नवंबर 2000 को बिहार से अलग होकर देश के 28वें राज्य के रूप में हुआ था। लंबे समय तक चले अलग राज्य आंदोलन के बाद झारखंड को स्वतंत्र राज्य का दर्जा मिला। इस आंदोलन में आदिवासी समुदाय के साथ विभिन्न सामाजिक और राजनीतिक संगठनों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

राज्य गठन के लिए 15 नवंबर की तारीख का चयन भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के कारण किया गया था। प्राकृतिक संसाधनों से समृद्ध झारखंड अपनी जनजातीय संस्कृति, लोक परंपराओं, खनिज संपदा और ऐतिहासिक विरासत के लिए विशेष पहचान रखता है।

जल, जंगल और जमीन के अधिकारों के लिए लड़े थे बिरसा मुंडा

धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा का जन्म 15 नवंबर 1875 को वर्तमान झारखंड के खूंटी जिले के उलिहातू गांव में हुआ था। उन्होंने ब्रिटिश शासन के अत्याचारों, शोषण और आदिवासियों की जमीन पर कब्जे के खिलाफ संघर्ष किया।

बिरसा मुंडा ने आदिवासी समाज को संगठित कर अंग्रेजी शासन के खिलाफ व्यापक आंदोलन चलाया, जिसे ‘उलगुलान’ अर्थात महान विद्रोह के नाम से जाना जाता है। उनका संघर्ष केवल ब्रिटिश सत्ता के विरोध तक सीमित नहीं था, बल्कि आदिवासी समाज के जल, जंगल और जमीन के अधिकारों की रक्षा से भी जुड़ा था।

ब्रिटिश सरकार ने उन्हें गिरफ्तार कर जेल में डाल दिया था। 9 जून 1900 को रांची जेल में महज 24 वर्ष की आयु में उनका निधन हो गया। कम उम्र में ही उन्होंने स्वतंत्रता और आदिवासी अधिकारों के लिए जो संघर्ष किया, वह आज भी देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत है।

Read More News

छठ पूजा से पहले एक्शन में रांची SSP राकेश रंजन, कांके डैम के पास औचक छापेमारी, थाना प्रभारी को कड़ी चेतावनी

छठ पूजा से पहले रांची SSP राकेश रंजन ने कांके डैम के पास अर्बन हाट में औचक छापेमारी की। नशेबाजी और...

Read More