झारखंड स्थापना दिवस पर सभी 24 जिलों में ‘रन फॉर क्लीनलीनेस’, रांची में स्वच्छता का संदेश लेकर दौड़े प्रतिभागी

झारखंड के 26वें स्थापना दिवस पर रांची सहित सभी 24 जिलों में रन फॉर क्लीनलीनेस का आयोजन हुआ। मोरहाबादी से अल्बर्ट एक्का चौक तक दौड़ हुई और चडरी तालाब छठ घाट पर सफाई अभियान चलाया गया।

News Saga Desk

रांची। झारखंड के 26वें स्थापना दिवस के अवसर पर रविवार को राजधानी रांची सहित राज्य के सभी 24 जिलों में ‘रन फॉर क्लीनलीनेस’ (Run for Cleanliness) का आयोजन किया गया। स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने और आम नागरिकों को स्वच्छता अभियान से जोड़ने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। सभी ने स्वच्छ, स्वस्थ और सुंदर झारखंड के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया।

राजधानी रांची में दौड़ की शुरुआत मोरहाबादी स्थित बापू वाटिका से हुई। प्रतिभागियों ने बापू वाटिका से अल्बर्ट एक्का चौक तक दौड़ लगाकर स्वच्छता, स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर, श्रम एवं उद्योग मंत्री संजय प्रसाद यादव, पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री योगेंद्र प्रसाद, राज्यसभा सांसद महुआ माजी और रांची विधायक सीपी सिंह ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर किया।

इस अवसर पर मंत्रियों और जनप्रतिनिधियों ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकार या किसी एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है। स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाकर ही स्वच्छ, स्वस्थ और सुंदर झारखंड का सपना साकार किया जा सकता है।

चडरी तालाब छठ घाट पर चलाया सफाई अभियान

दौड़ के साथ ही स्वच्छता के संदेश को धरातल पर उतारने के उद्देश्य से रांची के चडरी तालाब छठ घाट पर विशेष साफ-सफाई अभियान चलाया गया। इस दौरान मंत्रियों और राज्यसभा सांसद ने स्वयं श्रमदान कर स्वच्छता गतिविधियों में भाग लिया।

जनप्रतिनिधियों ने लोगों से तालाबों, जलस्रोतों और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि जलस्रोत हमारी प्राकृतिक धरोहर हैं और इनका संरक्षण करना सभी नागरिकों की जिम्मेदारी है।

साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर कचरा नहीं फैलाने, जलस्रोतों को प्रदूषण से बचाने और आसपास स्वच्छ वातावरण बनाए रखने का संदेश दिया गया।

स्वच्छता को जन आंदोलन बनाने का संकल्प

राज्य स्थापना दिवस पर आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से सभी 24 जिलों में एक साथ स्वच्छता का संदेश दिया गया। आयोजन का मुख्य उद्देश्य नागरिकों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता विकसित करना, युवाओं को सकारात्मक सामाजिक गतिविधियों से जोड़ना और स्वच्छता अभियान को जन आंदोलन का स्वरूप देना था।

कार्यक्रम में जनभागीदारी, सामाजिक जिम्मेदारी और सामूहिक प्रयासों के महत्व पर भी जोर दिया गया।

पुरुष वर्ग में कुंदन महतो और महिला वर्ग में पूजा सिंह विजेता

‘रन फॉर क्लीनलीनेस’ के समापन के बाद पुरुष और महिला वर्ग के विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

पुरुष वर्ग में कुंदन महतो ने प्रथम, विवेकानंद ने द्वितीय और विमल उरांव ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं, महिला वर्ग में पूजा सिंह प्रथम, ममता कुमारी द्वितीय और सावित्री कुमारी तृतीय स्थान पर रहीं।

विजेताओं को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने और स्वच्छ झारखंड के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया गया।

Read More News

झारखंड स्थापना दिवस पर पीएम मोदी ने दी शुभकामनाएं, राष्ट्रपति मुर्मू ने भगवान बिरसा मुंडा को किया नमन

झारखंड के 26वें स्थापना दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्यवासियों को शुभकामनाएं दीं।...

Read More