राजस्थान के कोटा-उदयपुर नेशनल हाईवे पर भीषण सड़क हादसा। खाटू श्यामजी के दर्शन कर लौट रहे महाराष्ट्र के एक परिवार के 9 लोगों की मौत और 6 घायल। चालक को झपकी आने की आशंका।
News Saga Desk
राजस्थान: कोटा-उदयपुर नेशनल हाईवे पर शुक्रवार और शनिवार की दरमियानी रात भीषण सड़क हादसा हो गया। शंभूपुरा गांव के पास रात करीब दो बजे तेज रफ्तार क्रूजर वाहन सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गया। इस दर्दनाक हादसे में बच्चों समेत एक ही परिवार के नौ लोगों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
खाटू श्यामजी के दर्शन कर महाराष्ट्र लौट रहा था परिवार
जानकारी के अनुसार, क्रूजर वाहन में महाराष्ट्र के एक ही परिवार के 15 सदस्य सवार थे। सभी राजस्थान के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल खाटू श्यामजी के दर्शन करने के बाद वापस लौट रहे थे। इसी दौरान शंभूपुरा गांव के पास उनका वाहन सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन में सवार नौ लोगों की जान चली गई।
मृतकों में बच्चे और महिलाएं भी शामिल
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान उषा बाई, सुशीला, कैलाश, सान्वी, सज्जन, अनीता, बाबूलाल, जाह्नवी और माधवी के रूप में हुई है। दुर्घटना में घायल छह लोगों को एम्बुलेंस की मदद से न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
चालक को झपकी आने से हादसे की आशंका
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, हादसे की वजह चालक को नींद की झपकी आना बताया जा रहा है। आशंका जताई जा रही है कि वाहन चलाते समय चालक को झपकी लगने से क्रूजर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।
इस हादसे ने एक ही परिवार के नौ सदस्यों की जान ले ली। धार्मिक यात्रा से लौट रहे परिवार के साथ हुई इस दुर्घटना ने सड़क सुरक्षा और लंबी दूरी की यात्रा के दौरान वाहन चालकों की सतर्कता को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
No Comment! Be the first one.