नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह भारत दौरे पर पीएम मोदी को रातो मच्छिंद्रनाथ और राष्ट्रपति मुर्मु को चारुमती विहार से जुड़ी प्रतिमा भेंट करेंगे। जानें इनका इतिहास।
News Saga Desk
नई दिल्ली। नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह अपनी दो दिवसीय राजकीय भारत यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु को नेपाल की धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत से जुड़ी विशेष प्रतिमाएं उपहार में देंगे। इन उपहारों के माध्यम से नेपाल भारत के साथ अपने सदियों पुराने धार्मिक और सभ्यतागत संबंधों को प्रदर्शित करेगा।
प्रधानमंत्री शाह रविवार को नई दिल्ली पहुंचने वाले हैं। सोमवार को उनकी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के साथ अलग-अलग मुलाकात प्रस्तावित है। इससे पहले नेपाल के प्रधानमंत्री भारत यात्रा के दौरान भगवान पशुपतिनाथ मंदिर की प्रतिकृति उपहार में देते रहे हैं।
पीएम मोदी को भेंट करेंगे रातो मच्छिंद्रनाथ की प्रतिमा
नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह भारतीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को रातो मच्छिंद्रनाथ की प्रतिमा भेंट करेंगे। रातो मच्छिंद्रनाथ नेपाल की धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक परंपरा और ऐतिहासिक पहचान से जुड़े प्रमुख देवता माने जाते हैं।
नेपाल की पारंपरिक मान्यताओं के अनुसार, लिच्छवि राजा नरेंद्रदेव रातो मच्छिंद्रनाथ को भारत के तत्कालीन कामरूप क्षेत्र, जो वर्तमान में असम में स्थित है, से काठमांडू घाटी लेकर आए थे। मान्यता है कि उस समय काठमांडू घाटी में लंबे समय से बारिश नहीं होने के कारण भीषण अकाल पड़ा था। मच्छिंद्रनाथ के आगमन के बाद घाटी में वर्षा हुई और अकाल समाप्त हुआ।
राष्ट्रपति मुर्मु को देंगे चारुमती विहार से जुड़ी प्रतिमा
प्रधानमंत्री शाह राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु को काठमांडू के चाबहिल स्थित ऐतिहासिक चारुमती विहार से संबंधित प्रतिमा उपहार में देंगे।
चारुमती विहार का इतिहास भारत के महान मौर्य सम्राट अशोक और उनकी पुत्री चारुमती से जुड़ा माना जाता है। पारंपरिक कथाओं के अनुसार, सम्राट अशोक अपनी पुत्री के साथ काठमांडू घाटी पहुंचे थे। चारुमती ने स्थानीय राजकुमार देवपाल से विवाह किया और देवपाटन क्षेत्र में रहने लगीं।
मान्यता है कि चारुमती ने इसी क्षेत्र में एक बौद्ध विहार का निर्माण कराया था। यह भी माना जाता है कि उनका निधन इसी क्षेत्र में हुआ था।
भारत-नेपाल के सांस्कृतिक संबंधों को मिलेगी नई पहचान
नेपाल के प्रधानमंत्री की ओर से इन दो ऐतिहासिक और धार्मिक धरोहरों से जुड़ी प्रतिमाओं को उपहार में देने का उद्देश्य दोनों देशों के बीच गहरे सांस्कृतिक, धार्मिक और ऐतिहासिक संबंधों को रेखांकित करना है।
भारत और नेपाल के बीच सदियों से धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक परंपराओं और सभ्यतागत विरासत का साझा इतिहास रहा है। प्रधानमंत्री शाह की यह पहल दोनों देशों के बीच मित्रता और सांस्कृतिक जुड़ाव का प्रतीक मानी जा रही है।
No Comment! Be the first one.