झारखंड पुलिस के इन जांबाजों को मिलेगा सम्मान, 8 IPS समेत कई अधिकारियों को पदक

झारखंड स्थापना दिवस समारोह और राज्य की वर्तमान सरकार के दो साल पूरे होने के अवसर पर पुलिस विभाग के उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों और जवानों को सम्मानित किया जाएगा।

NEWS SAGA DESK

झारखंड स्थापना दिवस समारोह और राज्य की वर्तमान सरकार के दो साल पूरे होने के अवसर पर पुलिस विभाग के उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों और जवानों को सम्मानित किया जाएगा। 28 नवंबर को आयोजित होने वाले मुख्य समारोह में वीरता पदक और सराहनीय सेवा पदक प्रदान कर पुलिसकर्मियों के साहस, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा को सम्मान दिया जाएगा। सम्मानित होने वालों में आठ आईपीएस अधिकारियों के साथ पुलिस विभाग के कई अन्य पदाधिकारी और जवान शामिल हैं।

वीरता पदक पाने वालों की सूची में आईपीएस नरेंद्र कुमार सिंह और रांची के एसएसपी राकेश रंजन का नाम शामिल है। इनके अलावा डीएसपी प्रकाश सोय और डीएसपी नीरज कुमार को भी उनके साहसिक कार्यों के लिए सम्मानित किया जाएगा।

वहीं, पुलिसकर्मियों में सब इंस्पेक्टर राजीव कुमार, दिव्य प्रकाश, सनोज कुमार चौधरी और आरक्षी प्रकाश कुमार यादव, सुभाष चंद्र लकड़ा, सोनू कुमार साहू, शंकर प्रसाद कुशवाहा, राजबल्लभ कुमार तथा शिवलाल गुप्ता को वीरता पदक से अलंकृत किया जाएगा।

दूसरी ओर, सराहनीय सेवा पदक से सम्मानित होने वाले आईपीएस अधिकारियों में असीम विक्रांत मिंज, अनीश गुप्ता, राजकुमार मेहता, दीपक कुमार शर्मा, दीपक कुमार पांडेय और मुकेश कुमार के नाम शामिल हैं। इनके साथ प्रधान सहायक उपनिरीक्षक (आशुलिपिक) मोहम्मद अरशद खां को भी यह सम्मान दिया जाएगा।

दरअसल, पुलिस विभाग में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों और जवानों का सम्मान उनके मनोबल को बढ़ाने के साथ-साथ दूसरों को भी बेहतर सेवा के लिए प्रेरित करता है। स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित इस समारोह में पदक प्रदान कर झारखंड पुलिस के जांबाजों के योगदान को सलाम किया जाएगा।

Read More News

झारखंड में चक्रवात अकवन का असर कमजोर, बारिश के बाद बढ़ेगी ठंड, रांची में पारा 12 डिग्री तक गिरने के आसार

चक्रवात अकवन का असर कमजोर, रांची में 12 मिमी बारिश दर्ज। 25 नवंबर तक न्यूनतम तापमान 12 डिग्री...

Read More