शादी के सीजन में सोना-चांदी हुआ सस्ता, खरीदारी करने वालों की बल्ले-बल्ले

शादी-विवाह का मौसम शुरू होते ही सोना-चांदी खरीदने की तैयारी कर रहे लोगों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। राजधानी रांची के सर्राफा बाजार में दोनों कीमती धातुओं की कीमतों में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है।

NEWS SAGA DESK

शादी-विवाह का मौसम शुरू होते ही सोना-चांदी खरीदने की तैयारी कर रहे लोगों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। राजधानी रांची के सर्राफा बाजार में दोनों कीमती धातुओं की कीमतों में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। शनिवार, 22 नवंबर को भी सोने और चांदी के भाव नीचे आए। कीमतों में आई इस नरमी से उन परिवारों को राहत मिलने की उम्मीद है, जिनके घरों में जल्द शादी होने वाली है। हालांकि, आगे और गिरावट की संभावना को देखते हुए कई ग्राहक फिलहाल खरीदारी टाल रहे हैं।

11 दिनों में सोने और चांदी की कीमतों में बड़ी गिरावट

रांची के सर्राफा बाजार में 22 कैरेट सोने की कीमत 11 नवंबर को 1 लाख 30 हजार 500 रुपये प्रति 10 ग्राम थी। वहीं, 22 नवंबर को इसका भाव घटकर 1 लाख 15 हजार रुपये रह गया। इस तरह महज 11 दिनों के भीतर सोना 15 हजार 500 रुपये सस्ता हो गया। चांदी की कीमतों में भी बड़ी गिरावट देखने को मिली है। 11 नवंबर को एक किलो चांदी का भाव 1 लाख 94 हजार रुपये था, जो अब घटकर 1 लाख 58 हजार रुपये पर पहुंच गया है। यानी 11 दिनों में चांदी 36 हजार रुपये प्रति किलो सस्ती हुई है। अंतरराष्ट्रीय बाजार से मिल रहे कमजोर संकेतों का असर घरेलू बाजार पर भी दिखाई दे रहा है। हालांकि, अलग-अलग ज्वेलर्स के यहां मेकिंग चार्ज और अन्य शुल्कों के कारण अंतिम कीमत में अंतर हो सकता है।

शादी की खरीदारी करने वालों को राहत

सोने और चांदी के भाव में आई गिरावट का सीधा फायदा शादी की तैयारी कर रहे परिवारों को मिल सकता है। खासकर उन लोगों के लिए यह राहत की खबर है, जिन्हें बेटी की शादी के लिए सोने के गहने खरीदने हैं। सोने के आभूषणों के साथ चांदी की पायल, बिछिया, बर्तन और पूजा सामग्री खरीदने वालों को भी कम कीमतों का फायदा मिल सकता है। हालांकि, बाजार में एक दिलचस्प स्थिति देखने को मिल रही है। कीमतें गिरने के बावजूद कई ग्राहक अभी खरीदारी करने के बजाय बाजार के अगले रुख का इंतजार कर रहे हैं।

क्या एक लाख रुपये तक पहुंचेगा सोना?

सर्राफा बाजार में अब ग्राहकों के बीच सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या सोने और चांदी की कीमतों में अभी और गिरावट आएगी? कुछ खरीदारों को उम्मीद है कि 22 कैरेट सोने का भाव एक लाख रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी की कीमत 1 लाख 10 हजार रुपये प्रति किलो तक पहुंच सकती है। इसी उम्मीद में कई लोग फिलहाल अपनी खरीदारी रोककर रखे हुए हैं। जहां कीमतों में गिरावट से आम खरीदारों को राहत मिल रही है, वहीं निवेश करने वालों के बीच बाजार के उतार-चढ़ाव को लेकर चिंता बनी हुई है।

सर्राफा कारोबारियों को भी खरीदारी बढ़ने की उम्मीद

सोना-चांदी व्यवसाय समिति, रांची के अध्यक्ष जितेंद्र वर्मा के मुताबिक, आने वाले दिनों में सोने और चांदी की कीमतों में और नरमी देखने को मिल सकती है। उनका कहना है कि ऊंचे भाव के कारण लोग पहले की तुलना में कम खरीदारी कर रहे हैं। प्रधानमंत्री की अपील और महंगी कीमतों का असर भी बाजार की गतिविधियों पर पड़ा है।कारोबारियों को उम्मीद है कि कीमतों में और कमी आने पर सर्राफा बाजार में ग्राहकों की आवाजाही और खरीदारी दोनों बढ़ सकती हैं।

निशा भगत को न्याय दिलाने की मांग को लेकर गिरिडीह महानगर के सभी 16 मंडलों में भाजपा का जोरदार विरोध प्रदर्शन एवं पुतला दहन

गिरिडीह। निशा भगत की मौत के मामले में न्याय की मांग एवं झारखंड में लगातार बढ़ते जमीन माफियाओं के...

November 7, 2026

Read More News

झारखंड में चक्रवात अकवन का असर कमजोर, बारिश के बाद बढ़ेगी ठंड, रांची में पारा 12 डिग्री तक गिरने के आसार

चक्रवात अकवन का असर कमजोर, रांची में 12 मिमी बारिश दर्ज। 25 नवंबर तक न्यूनतम तापमान 12 डिग्री...

Read More