गुजरात के कच्छ में भीषण सड़क हादसा, एक ही कार में सवार 7 लोगों की मौत, PM मोदी ने किया मुआवजे का ऐलान

गुजरात के कच्छ जिले में भुज-खावड़ा नेशनल हाईवे पर शनिवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन बच्चों समेत सात लोगों की मौत हो गई। सभी मृतक उत्तराखंड के रहने वाले थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।

कच्छ (गुजरात): गुजरात के कच्छ जिले में शनिवार (21 नवंबर) रात करीब 9:30 बजे भुज-खावड़ा नेशनल हाईवे पर वेकरिया के रण इलाके के पास भीषण सड़क दुर्घटना हो गई। एक तेज रफ्तार मालवाहक ट्रेलर और कार की जोरदार टक्कर में कार सवार सभी सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में चार वयस्क और तीन मासूम बच्चे शामिल हैं।

प्रधानमंत्री मोदी ने जताया शोक, मुआवजे की घोषणा

प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) की ओर से रविवार को जारी जानकारी के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुर्घटना में जान गंवाने वालों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से प्रत्येक मृतक के निकटतम परिजन को दो लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।

टक्कर इतनी जबरदस्त कि दो हिस्सों में बंट गई कार

पुलिस के अनुसार, उत्तराखंड नंबर की कार में सवार लोग कच्छ के प्रसिद्ध सफेद रण का भ्रमण करने के बाद खावड़ा से भुज लौट रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार मालवाहक ट्रेलर ने कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयावह थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त होकर दो हिस्सों में बंट गई।

उत्तराखंड के तीन परिवारों के सात लोगों की मौत

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक उत्तराखंड के गढ़वाल क्षेत्र के निवासी थे। वे भुज में तैनात भारतीय सेना के एक जवान के परिजन और रिश्तेदार थे तथा कच्छ घूमने आए हुए थे।

मृतकों की पहचान सौरवसिंह नेगी (30), उनकी पत्नी सविता (30) और तीन माह की बेटी सिविका के रूप में हुई है। दूसरे परिवार से राजेशसिंह रावत (35) और उनकी सात वर्षीय बेटी रक्षिता की मौत हुई। वहीं, तीसरे परिवार से रिंकी नितिन गुंसाई (35) और उनकी चार माह की बेटी वामिका की जान चली गई।

हादसे के बाद हाईवे पर लगा जाम

दुर्घटना की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। सूचना मिलने पर धोरडो पुलिस और 108 एंबुलेंस की टीमें मौके पर पहुंचीं। कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण शवों को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।

सभी शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भुज के जी. के. जनरल अस्पताल भेजा गया। हादसे के कारण हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ।

पुलिस ने शुरू की हादसे की जांच

घटना की सूचना मिलते ही भारतीय सेना के अधिकारी और जिला पुलिस अधीक्षक विकास सुंडा घटनास्थल तथा अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। ट्रेलर चालक की संभावित लापरवाही सहित अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।

Read More News

झारखंड में चक्रवात अकवन का असर कमजोर, बारिश के बाद बढ़ेगी ठंड, रांची में पारा 12 डिग्री तक गिरने के आसार

चक्रवात अकवन का असर कमजोर, रांची में 12 मिमी बारिश दर्ज। 25 नवंबर तक न्यूनतम तापमान 12 डिग्री...

Read More