नीतीश सेतु पर पोस्टर फाड़ने वालों की खैर नहीं, 3 गिरफ्तार, 150 लोगों पर FIR

बिहार के वैशाली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पोस्टर फाड़े जाने का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। नीतीश सेतु के उद्घाटन और राजापाकड़ में प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के बाद हुई इस घटना पर पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है।

NEWS SAGA DESK

बिहार के वैशाली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पोस्टर फाड़े जाने का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। नीतीश सेतु के उद्घाटन और राजापाकड़ में प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के बाद हुई इस घटना पर पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। मामले में अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि करीब डेढ़ सौ अन्य लोगों की पहचान करने में पुलिस जुटी है। वायरल वीडियो के आधार पर तीन नामजद और लगभग 150 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।

वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस की कार्रवाई

हाजीपुर के एसएसपी शुभांक मिश्रा ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि पोस्टर फाड़ने के मामले में तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो की मदद से अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि इस मामले में दोषी पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

PM के कार्यक्रम के बाद हुआ था हंगामा

दरअसल, शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कच्ची दरगाह-बिदुपुर के बीच बने छह लेन के नीतीश सेतु का उद्घाटन किया था। इसके साथ ही उन्होंने बिहार में करीब 34 हजार करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन भी किया था।प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को लेकर नीतीश सेतु समेत कई स्थानों पर पीएम मोदी, मुख्यमंत्री और अन्य नेताओं के पोस्टर लगाए गए थे। आरोप है कि प्रधानमंत्री के कार्यक्रम से रवाना होने के कुछ देर बाद बड़ी संख्या में युवक वहां पहुंचे। उनके हाथों में राजद के झंडे थे और वे तेजस्वी यादव के समर्थन में नारेबाजी कर रहे थे। इसी दौरान प्रधानमंत्री और अन्य नेताओं के पोस्टर फाड़ दिए गए। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिसके बाद मामला चर्चा में आ गया।

CCTV फुटेज से होगी अन्य आरोपियों की पहचान

वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए प्राथमिकी दर्ज की और गिरफ्तारी की कार्रवाई शुरू कर दी। अब पुलिस वायरल वीडियो के साथ-साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि पोस्टर फाड़ने और हंगामा करने के पीछे कोई सुनियोजित योजना थी या यह कुछ युवकों की स्वतः की गई हरकत थी। फिलहाल नीतीश सेतु और आसपास के इलाकों में निगरानी बढ़ा दी गई है। पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Read More News

झारखंड में चक्रवात अकवन का असर कमजोर, बारिश के बाद बढ़ेगी ठंड, रांची में पारा 12 डिग्री तक गिरने के आसार

चक्रवात अकवन का असर कमजोर, रांची में 12 मिमी बारिश दर्ज। 25 नवंबर तक न्यूनतम तापमान 12 डिग्री...

Read More