झारखंड स्थापना दिवस के 26वें वर्ष के उपलक्ष्य में रांची के ऑड्रे हाउस में आयोजित सांस्कृतिक पखवाड़ा-2026 का रविवार को रंगारंग समापन हुआ। दो दिवसीय सांस्कृतिक महोत्सव के अंतिम दिन बच्चों ने नागपुरी और अन्य क्षेत्रीय भाषाओं में गीत-संगीत की शानदार प्रस्तुतियां देकर झारखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति की झलक पेश की।
News Saga Desk
रांची: झारखंड स्थापना दिवस के 26वें वर्ष के उपलक्ष्य में पर्यटन, कला संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के तत्वावधान में आयोजित सांस्कृतिक पखवाड़ा-2026 का रविवार को ऑड्रे हाउस में समापन हुआ। इस अवसर पर जिला स्तरीय नागपुरी गीत प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें रांची जिले के विभिन्न क्षेत्रों और विद्यालयों से आए बालक-बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
नागपुरी और क्षेत्रीय गीतों से सजा सांस्कृतिक मंच
प्रतियोगिता के दौरान प्रतिभागियों ने नागपुरी सहित अन्य क्षेत्रीय भाषाओं में लोकगीत और वाद्य संगीत की प्रस्तुतियां दीं। बच्चों की प्रस्तुतियों ने दर्शकों और अभिभावकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम के माध्यम से झारखंड की पारंपरिक लोककला, संगीत और सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया।
प्रसिद्ध नागपुरी कलाकारों ने निभाई निर्णायक की भूमिका
जिला स्तरीय प्रतियोगिता में प्रसिद्ध नागपुरी पुरोधा शिव शंकर महली, मनपूरन नायक और देवदास विश्वकर्मा ने निर्णायक की भूमिका निभाई। जिला खेल पदाधिकारी शिवेंद्र कुमार सिंह ने अतिथियों, अभिभावकों और प्रतिभागी बच्चों का स्वागत किया। कार्यक्रम का मंच संचालन डॉ. कमल बोस ने किया।
चयनित प्रतिभागी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में लेंगे हिस्सा
समापन समारोह के दौरान जूरी सदस्य डॉ. कमल बोस और आशुतोष द्विवेदी ने निर्णायक मंडल के तीनों सदस्यों एवं अतिथियों को सम्मानित किया।
प्रतियोगिता में चयनित प्रतिभागी आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में रांची जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। इससे युवा कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और राज्य स्तर पर पहचान बनाने का अवसर मिलेगा।
दो दिनों तक चले इस सांस्कृतिक महोत्सव में बच्चों की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने आयोजन को यादगार बना दिया। कार्यक्रम में कई अधिकारी, पदाधिकारी, अभिभावक और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
No Comment! Be the first one.