अयोध्या से जनकपुर धाम के बीच सरयू-कमला एक्सप्रेस शुरू, अब रामलला के दर्शन के बाद सीधे पहुंच सकेंगे माता सीता के धाम

अयोध्या से नेपाल के जनकपुर धाम तक सरयू-कमला एक्सप्रेस रेल सेवा शुरू होने की खबर। जानें ट्रेन नंबर 15595/15596, समय-सारणी, दूरी और प्रमुख स्टेशनों की जानकारी।

News Saga Desk

अयोध्या: प्रभु श्रीराम की नगरी अयोध्या से माता सीता की जन्मस्थली नेपाल के जनकपुर धाम तक सीधी रेल सेवा शुरू होने की खबर से श्रद्धालुओं में उत्साह है। सरयू-कमला एक्सप्रेस के शुभारंभ को भारत और नेपाल के ऐतिहासिक, धार्मिक एवं सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया जा रहा है। श्रद्धालु इस रेल सेवा को राम-जानकी के मिलन से जोड़कर देख रहे हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने दिल्ली से वर्चुअल माध्यम से संयुक्त रूप से सरयू-कमला एक्सप्रेस का शुभारंभ किया। वहीं, अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान स्टेशन परिसर जय श्रीराम और जय सीता मैया के जयकारों से गूंज उठा।

रामलला के दर्शन के बाद सीधे जा सकेंगे जनकपुर धाम

नई रेल सेवा को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है। अयोध्या पहुंची श्रद्धालु खुशबू ने कहा कि जनकपुर जाने की इच्छा लंबे समय से थी, लेकिन यात्रा की परेशानियों के कारण योजना पूरी नहीं हो पाती थी। अब सीधी ट्रेन शुरू होने से रामलला के दर्शन के बाद माता सीता के धाम जाना आसान होगा।

श्रद्धालु गोविंद सिंह ने कहा कि यह ट्रेन केवल दो शहरों को नहीं, बल्कि दो देशों को जोड़ने का काम करेगी। इससे भारत और नेपाल के बीच धार्मिक पर्यटन, व्यापार और आपसी भाईचारे को बढ़ावा मिलेगा।

बुजुर्ग श्रद्धालुओं को मिलेगी बड़ी राहत

अरविंद पाल ने बताया कि पहले जनकपुर पहुंचने के लिए लंबी सड़क यात्रा करनी पड़ती थी और कई बार वाहन भी बदलने पड़ते थे। इससे बुजुर्ग श्रद्धालुओं को काफी परेशानी होती थी। अब सीधी ट्रेन से लगभग 19 घंटे में जनकपुर पहुंचना संभव होगा।

वहीं, दीक्षा यादव ने कहा कि अयोध्या और जनकपुर धाम को रेलमार्ग से जोड़ना दोनों देशों की सांस्कृतिक मैत्री को नई मजबूती देगा। यह सेवा धार्मिक पर्यटन के साथ आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा देगी।

604 किलोमीटर का सफर लगभग 19 घंटे में

उपलब्ध समय-सारणी के अनुसार, सरयू-कमला एक्सप्रेस अयोध्या कैंट से जनकपुर धाम के बीच लगभग 604 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। ट्रेन का संचालन सप्ताह में एक दिन प्रत्येक दिशा में किया जाएगा।

गाड़ी संख्या 15596: प्रत्येक सोमवार शाम 5:50 बजे अयोध्या कैंट से रवाना होकर मंगलवार दोपहर 12:40 बजे जनकपुर धाम पहुंचेगी।

गाड़ी संख्या 15595: प्रत्येक शनिवार दोपहर 1:10 बजे जनकपुर धाम से रवाना होकर रविवार सुबह 8:10 बजे अयोध्या कैंट पहुंचेगी।

जानकारी के अनुसार, ट्रेन में 17 आधुनिक एलएचबी कोच लगाए जाएंगे। यात्रियों के लिए एसी और स्लीपर श्रेणी की सुविधाएं उपलब्ध होंगी। प्रस्तावित ठहरावों में जयनगर, मधुबनी, शीशो, सीतामढ़ी, रक्सौल, नरकटियागंज, गोरखपुर, बस्ती, मनकापुर और अयोध्या धाम शामिल हैं।

रामायण सर्किट और धार्मिक पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा

अयोध्या और जनकपुर धाम के बीच रेल संपर्क को रामायण सर्किट के विकास के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इस सेवा से दोनों धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ने की उम्मीद है। साथ ही होटल, परिवहन, स्थानीय बाजार और पर्यटन से जुड़े कारोबार को भी लाभ मिल सकता है।

Read More News

पटना में विद्यापति की पुण्यतिथि पर राजकीय समारोह, राज्यपाल और सीएम सम्राट चौधरी ने दी श्रद्धांजलि

बिहार की राजधानी पटना के विद्यापति भवन में महाकवि विद्यापति की पुण्यतिथि पर राजकीय समारोह आयोजित...

Read More