Bisleri के पानी के एक सैंपल में ब्रोमेट की मात्रा अधिक मिलने के मामले में FSSAI ने मुकदमे को मंजूरी दी। कंपनी ने बताया 14 महीने पुराना मामला और दी सफाई।
News Saga Desk
देश की प्रमुख पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर कंपनियों में शामिल बिसलेरी (Bisleri) के पानी की गुणवत्ता को लेकर विवाद सामने आया है। भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने कंपनी के पानी के एक नमूने के निर्धारित सुरक्षा मानकों पर खरा नहीं उतरने के मामले में मुकदमा चलाने की मंजूरी दी है। हालांकि, बिसलेरी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड ने आरोपों पर सफाई देते हुए अपने उत्पादों को सुरक्षित बताया है। कंपनी के अनुसार, यह मामला करीब 14 महीने पुराना है और सितंबर 2025 में तैयार किए गए केवल एक बैच से संबंधित है।
पानी के नमूने में तय सीमा से अधिक मिला ब्रोमेट
मिली जानकारी के अनुसार, FSSAI ने 30 सितंबर 2025 को गोवा स्थित बिसलेरी के प्लांट से पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर के छह नमूने लिए थे। शुरुआती जांच में पांच नमूने निर्धारित मानकों पर खरे उतरे, जबकि छठे नमूने में ब्रोमेट की मात्रा 12 माइक्रोग्राम प्रति लीटर पाई गई। इसकी निर्धारित सीमा 10 माइक्रोग्राम प्रति लीटर बताई गई है।
इसके बाद कंपनी ने 22 नवंबर 2025 को जांच रिपोर्ट के खिलाफ अपील की। नमूने को दोबारा जांच के लिए रेफरल प्रयोगशाला भेजा गया। कंपनी के मुताबिक, दूसरी जांच में ब्रोमेट की मात्रा निर्धारित सीमा के भीतर पाई गई, लेकिन प्रयोगशाला ने नमूने में पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (PAHs) की मौजूदगी दर्ज की। इसी आधार पर नमूने को असुरक्षित घोषित किया गया।
बिसलेरी ने जांच रिपोर्ट पर उठाए सवाल
बिसलेरी का कहना है कि अलग-अलग प्रयोगशालाओं की जांच रिपोर्ट में अंतर सामने आने के बाद उसने नमूने की जांच FSSAI से मान्यता प्राप्त एक स्वतंत्र प्रयोगशाला में भी कराई। कंपनी के अनुसार, इस जांच में भी ब्रोमेट की मात्रा निर्धारित सीमा के भीतर मिली।
कंपनी ने बताया कि 2 फरवरी 2026 को उसने स्वतंत्र जांच रिपोर्ट के साथ FSSAI के पश्चिमी क्षेत्रीय कार्यालय को औपचारिक पत्र भेजा था। बिसलेरी का दावा है कि इसके बाद उसे विभाग की ओर से कोई जवाब नहीं मिला।
कंपनी ने यह भी कहा कि मुकदमे से संबंधित कोई आधिकारिक नोटिस उसे अब तक ईमेल या लिखित माध्यम से प्राप्त नहीं हुआ है।
143 प्लांट में से सिर्फ एक बैच से जुड़ा मामला
बिसलेरी के अनुसार, देशभर में उसके 143 उत्पादन संयंत्र हैं और मौजूदा विवाद गोवा स्थित एक संयंत्र में सितंबर 2025 के दौरान तैयार किए गए एक बैच तक सीमित है।
कंपनी ने दावा किया कि उसकी जल शुद्धिकरण और उत्पादन प्रक्रिया में 10 चरण शामिल हैं। इस दौरान गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए 90 से अधिक परीक्षण किए जाते हैं।
क्या बिसलेरी का पानी पीना सुरक्षित है?
FSSAI की जांच में एक नमूने को असुरक्षित घोषित किए जाने और कंपनी की ओर से जांच के निष्कर्षों पर सवाल उठाए जाने के बाद पानी की गुणवत्ता को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
हालांकि, किसी एक बैच के नमूने में मानकों का उल्लंघन पाए जाने का अर्थ यह नहीं है कि कंपनी के सभी उत्पाद असुरक्षित हैं। वहीं, कंपनी के सुरक्षा संबंधी दावों को नियामक जांच के निष्कर्षों से अलग समझना जरूरी है।
बिसलेरी ने कहा है कि वह FSSAI के साथ पूरा सहयोग करेगी और कानूनी प्रक्रिया के तहत अपना पक्ष रखेगी। फिलहाल मामले में आगे की कार्रवाई और अंतिम कानूनी निर्णय का इंतजार है।
No Comment! Be the first one.