पटना एयरपोर्ट पर Indigo की फ्लाइट कैंसिल, यात्रियों का फूटा गुस्सा, जमकर हंगामा

बिहार की राजधानी पटना के जयप्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर फ्लाइट रद्द होने से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। पटना से पुणे जाने वाली इंडिगो की उड़ान अचानक रद्द कर दी गई

NEWS SAGA DESK

बिहार की राजधानी पटना के जयप्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर फ्लाइट रद्द होने से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। पटना से पुणे जाने वाली इंडिगो की उड़ान अचानक रद्द कर दी गई। आखिरी समय पर लिए गए इस फैसले से नाराज यात्रियों ने एयरपोर्ट पर जमकर हंगामा किया। यात्रियों ने एयरलाइंस के कर्मचारियों पर सही जानकारी नहीं देने और समस्या के समाधान में सहयोग नहीं करने का आरोप लगाया।

खराब मौसम के कारण लखनऊ डायवर्ट हुई फ्लाइट

मिली जानकारी के अनुसार, इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6E126 को रात 2 बजकर 45 मिनट पर पटना से पुणे के लिए रवाना होना था। लेकिन इस उड़ान से पहले पुणे से पटना आने वाली फ्लाइट संख्या 6E653 खराब मौसम और कम दृश्यता के कारण पटना पहुंच ही नहीं सकी। विमान को पटना लाने के बजाय लखनऊ डायवर्ट कर दिया गया। यह विमान रात करीब 1 बजकर 40 मिनट पर पटना पहुंचने वाला था। इसके बाद इसी विमान को वापस पुणे के लिए उड़ान भरनी थी। लेकिन मौसम की खराब स्थिति के कारण पूरी उड़ान का शेड्यूल प्रभावित हो गया और आखिरकार पटना-पुणे की फ्लाइट रद्द करनी पड़ी।

यात्रियों ने एयरलाइंस पर लगाए गंभीर आरोप

फ्लाइट कैंसिल होने की जानकारी मिलते ही यात्रियों में नाराजगी बढ़ गई। उनका आरोप था कि एयरलाइंस के कर्मचारी काफी देर तक उड़ान को लेकर आश्वासन देते रहे, लेकिन अंतिम समय में फ्लाइट रद्द कर दी गई। यात्रियों ने यह भी शिकायत की कि उनकी परेशानी सुनने और समाधान निकालने के लिए एयरलाइंस का कोई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। कई यात्रियों को जरूरी काम से पुणे जाना था। ऐसे में अचानक यात्रा रद्द होने से उनकी पूरी योजना प्रभावित हो गई।

एयरपोर्ट पर काफी देर तक चला हंगामा

लंबे इंतजार और लगातार बदलती जानकारी से परेशान यात्रियों का धैर्य जवाब दे गया। इसके बाद एयरपोर्ट परिसर में हंगामा शुरू हो गया। फिलहाल इस पूरे घटनाक्रम की मुख्य वजह खराब मौसम और कम विजिबिलिटी के कारण विमान का डायवर्जन बताया जा रहा है। हालांकि, यात्रियों की शिकायतों और एयरलाइंस की ओर से दी गई सुविधाओं को लेकर स्थिति स्पष्ट होना बाकी है।

Read More News

पटना में विद्यापति की पुण्यतिथि पर राजकीय समारोह, राज्यपाल और सीएम सम्राट चौधरी ने दी श्रद्धांजलि

बिहार की राजधानी पटना के विद्यापति भवन में महाकवि विद्यापति की पुण्यतिथि पर राजकीय समारोह आयोजित...

Read More