झारखंड के गिरिडीह में गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व के अवसर पर भव्य नगर कीर्तन और शोभायात्रा निकाली गई। गुरु ग्रंथ साहिब की अगुवाई में निकली यात्रा में पंज प्यारे, आकर्षक झांकियां और यूपी के कलाकारों के करतब आकर्षण का केंद्र रहे। पढ़ें पूरी खबर।
झारखंड के गिरिडीह में सिख धर्म के प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में सोमवार को भव्य नगर कीर्तन और शोभायात्रा निकाली गई। स्टेशन रोड स्थित प्रधान गुरुद्वारा से निकली इस शोभायात्रा में सिख समाज के श्रद्धालुओं के साथ गुरु नानक पब्लिक स्कूल के छात्र-छात्राओं ने भी बड़ी संख्या में उत्साहपूर्वक सहभागिता की। वहीं, मुख्य प्रकाश पर्व 24 नवंबर को श्रद्धा, भक्ति और पारंपरिक उल्लास के साथ मनाया जाएगा।
गुरु ग्रंथ साहिब की अगुवाई और पंज प्यारों की मौजूदगी में शुभारंभ नगर कीर्तन का शुभारंभ गुरु ग्रंथ साहिब की अगुवाई में किया गया। इस दौरान पंज प्यारे, निशान साहिब और विभिन्न कीर्तन जत्थों की उपस्थिति ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। शोभायात्रा में शामिल आकर्षक झांकियों, गुरुवाणी और भजन-कीर्तन की गूंज से पूरा शहर आध्यात्मिक रंग में रंगा नजर आया। श्रद्धालु गुरु नानक देव जी के प्रेम, सेवा, समानता और भाईचारे के संदेशों का स्मरण करते हुए नगर कीर्तन में शामिल हुए।
यूपी के कलाकारों ने दिखाए हैरतअंगेज करतब, शहर में जगह-जगह स्वागत नगर कीर्तन के दौरान उत्तर प्रदेश से आए कलाकारों ने कई हैरतअंगेज करतब प्रस्तुत किए, जिन्हें देखने के लिए मार्ग के दोनों ओर लोगों की भीड़ उमड़ी। प्रधान गुरुद्वारा से प्रारंभ हुई यह शोभायात्रा गांधी चौक, बड़ा चौक, मुस्लिम बाजार, कालीबाड़ी चौक, टावर चौक और मकतपुर चौक होते हुए नगर भ्रमण करेगी और पुनः प्रधान गुरुद्वारा पहुंचकर संपन्न होगी। नगर कीर्तन के स्वागत में शहर के विभिन्न स्थानों पर समाजसेवियों और सिख समुदाय के लोगों द्वारा श्रद्धालुओं के लिए शीतल पेयजल के स्टॉल लगाए गए थे।
श्रद्धालुओं व गणमान्य लोगों की रही उत्साहपूर्ण भागीदारी इस अवसर पर देवेंद्र सिंह सलूजा, डॉ. गुणवंत सिंह मोंगिया, अमरजीत सिंह सलूजा, चरणजीत सिंह, जोरावर सिंह सलूजा, हरमिंदर सिंह बग्गा, जगजीत सिंह बग्गा, ऋषि सलूजा, कुंवरजीत सिंह और पप्पू सिंह सहित बड़ी संख्या में सिख समाज के महिला-पुरुष एवं श्रद्धालु उपस्थित थे। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धा, उत्साह और सामाजिक एकता की सुंदर झलक देखने को मिली।
No Comment! Be the first one.