गिरिडीह में सांस्कृतिक संध्या का आयोजन, 13 प्रखंडों के कलाकारों ने दी प्रस्तुति; विजेता सम्मानित

NEWS SAGA DESK

झारखंड के गिरिडीह स्थित नगर भवन में भगवान बिरसा मुंडा जयंती एवं राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित हुआ। जिले के सभी 13 प्रखंडों के प्रतिभागियों ने प्रस्तुति दी और विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। पढ़ें पूरी खबर।

झारखंड के गिरिडीह स्थित नगर भवन में भगवान बिरसा मुंडा की जयंती एवं झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा के उपलक्ष्य में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस आयोजन का शुभारंभ उपायुक्त रामनिवास यादव, महापौर प्रमिला मेहरा, पूर्वी वन प्रमंडल पदाधिकारी मनीष तिवारी, उप महापौर, उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी और नगर आयुक्त सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम के माध्यम से झारखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, जनजातीय परंपराओं, लोक कला और विविध सांस्कृतिक स्वरूपों को एक सशक्त मंच प्रदान किया गया, जिसमें जिले के सभी 13 प्रखंडों से आए प्रतिभागियों ने मनमोहक प्रस्तुतियों से उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया।

झारखंड की सांस्कृतिक विरासत और जनजातीय परंपराओं का जीवंत प्रदर्शन सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान जिले के सभी 13 प्रखंडों के प्रतिभागियों ने पारंपरिक लोकनृत्य, लोकगीत, आदिवासी संस्कृति, पारंपरिक वाद्य यंत्रों और देशभक्ति गीतों की प्रभावशाली प्रस्तुति दी। कलाकारों ने अपनी कला के माध्यम से झारखंड की गौरवशाली परंपराओं और सांस्कृतिक विविधता को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया। पारंपरिक वेशभूषा, लोक संगीत और आकर्षक नृत्य प्रस्तुतियों ने नगर भवन में उत्सव का माहौल बना दिया और तालियों की गड़गड़ाहट के बीच दर्शक मंत्रमुग्ध नजर आए।

26 वर्षों की यात्रा में सांस्कृतिक पहचान और युवाओं की भूमिका अहम: उपायुक्त इस अवसर पर उपायुक्त रामनिवास यादव ने अपने संबोधन में कहा कि भगवान बिरसा मुंडा की जयंती और झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा राज्य की गौरवशाली विरासत, संघर्ष और उपलब्धियों को स्मरण करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि झारखंड के 26 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित यह पखवाड़ा राज्य की विकास यात्रा, उपलब्धियों और भविष्य की संभावनाओं को समझने का अवसर देता है। उपायुक्त ने कहा कि सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखना और नई पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है तथा सभी 13 प्रखंडों के बच्चों व युवाओं की सक्रिय भागीदारी से लोक कला और परंपराएं आने वाली पीढ़ियों तक सुरक्षित पहुंचेंगी। उन्होंने स्थानीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के प्रति जिला प्रशासन की प्रतिबद्धता भी दोहराई।

परंपराओं और सामाजिक एकता को सशक्त बनाने का माध्यम: महापौर महापौर प्रमिला मेहरा ने अपने संबोधन में कहा कि यह सांस्कृतिक कार्यक्रम गिरिडीह की सांस्कृतिक विविधता और समृद्ध परंपराओं को प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण मंच है। झारखंड की पहचान उसकी लोक संस्कृति, जनजातीय परंपराओं और आपसी भाईचारे से है। उन्होंने 13 प्रखंडों से आए प्रतिभागियों की शानदार प्रस्तुतियों और युवाओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन स्थानीय कलाकारों को आगे बढ़ाने के साथ सांस्कृतिक धरोहर को सहेजने में अहम भूमिका निभाते हैं।

विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता हुए पुरस्कृत सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं के अंतर्गत गीत-संगीत, नृत्य, नाटक, कविता गायन, वादन और स्टॉल प्रदर्शनी जैसी विधाओं में प्रतिभागियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। निर्णायक मंडली द्वारा चयनित प्रमुख विजेताओं का विवरण इस प्रकार है:

  • गीत-संगीत (एकल): फिरोज सोरेन (प्रथम), शिवांगी नयन (द्वितीय) और रूखसार (तृतीय)।
  • एकल नृत्य: रेखा मरांडी, पीरटांड़ (प्रथम) और बीबी कुमारी, बगोदर (द्वितीय)।
  • नुक्कड़ नाटक: पचंबा गर्ल्स हाई स्कूल (प्रथम) और कस्तूरबा डुमरी (द्वितीय)।
  • सामूहिक नाटक: कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय डुमरी (प्रथम), कस्तूरबा बगोदर (द्वितीय) और कस्तूरबा गिरिडीह (तृतीय)।
  • कविता गायन: श्रुति कुमारी (प्रथम), कविता कुमारी (द्वितीय) और मुकेश कुमार (तृतीय)।
  • गीत-संगीत (सामूहिक): गिरिडीह कॉलेज, गिरिडीह (प्रथम), कस्तूरबा विद्यालय, बैंगाबाद (द्वितीय) और कस्तूरबा विद्यालय, डुमरी (तृतीय)।
  • स्टॉल प्रदर्शनी: पीरटांड़ प्रखंड (प्रथम), जिला ग्रामीण विकास शाखा, गिरिडीह (द्वितीय) और जमुआ प्रखंड (तृतीय)।

Read More News

सांसद ढुल्लू महतो की बेटी की वैवाहिक समारोह में शामिल हुए सीएम हेमंत सोरेन, नवदंपती को दिया आशीर्वाद

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपनी पत्नी सह विधायक कल्पना सोरेन के साथ मंगलवार को धनबाद जिले के चिटाही...

Read More