गिरिडीह में जेसी बोस की 89वीं पुण्यतिथि मनाई गई, संजय सिंह ने यूनिवर्सिटी स्थापना को बताया सच्ची श्रद्धांजलि

NEWS SAGA DESK

झारखंड के गिरिडीह में सर जेसी बोस मेमोरियल सोसायटी द्वारा वैज्ञानिक जगदीश चंद्र बसु की 89वीं पुण्यतिथि मनाई गई। झामुमो जिला अध्यक्ष संजय सिंह ने प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और सर जेसी बोस यूनिवर्सिटी की स्थापना को सच्ची श्रद्धांजलि बताया। पढ़ें पूरी खबर।

झारखंड के गिरिडीह में सर जेसी बोस मेमोरियल सोसायटी के तत्वावधान में महान वैज्ञानिक आचार्य जगदीश चंद्र बसु की 89वीं पुण्यतिथि श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम के तहत गिरिडीह के जेसी बोस चौक पर स्थित आचार्य बसु की प्रतिमा पर मुख्य अतिथि झामुमो जिला अध्यक्ष संजय सिंह और सोसायटी के सदस्यों ने माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। इसके बाद सदस्यों ने विज्ञान भवन के अंदर स्थापित आचार्य बसु की प्रतिमा पर भी माल्यार्पण किया और ‘जेसी बोस अमर रहे’ के जयघोष के साथ उनके योगदान को स्मरण किया।

यूनिवर्सिटी की स्थापना को बताया सच्ची श्रद्धांजलि पुण्यतिथि समारोह को संबोधित करते हुए झामुमो जिला अध्यक्ष संजय सिंह ने कहा कि गिरिडीह की धरती का यह सौभाग्य है कि महान वैज्ञानिक आचार्य जगदीश चंद्र बसु का अंतिम समय यहीं बीता था। उन्होंने कहा कि गिरिडीह जिले को यह गौरव प्राप्त है कि उनके नाम पर कई शैक्षणिक और सामाजिक संस्थाएं संचालित हो रही हैं, जिनमें सर जेसी बोस स्कूल भी शामिल है। संजय सिंह ने कहा कि दिवंगत मंत्री सुदिव्य कुमार के प्रयासों और राज्य सरकार की मंजूरी से सर जेसी बोस यूनिवर्सिटी की स्थापना का मार्ग प्रशस्त हुआ है, जिसके अंतर्गत इंजीनियरिंग कॉलेज, मेडिकल कॉलेज और मैनेजमेंट की पढ़ाई की व्यवस्था रहेगी। उनके अनुसार, यह पहल महान वैज्ञानिक के प्रति एक सच्ची श्रद्धांजलि साबित होगी।

बंद तिजोरी को लेकर लोगों में उत्सुकता संजय सिंह ने कहा कि कुछ ही समय पूर्व माननीय उच्च न्यायालय द्वारा उनकी बंद तिजोरी को खोलने का आदेश दिया गया है, जिसे लेकर लोगों में काफी उत्सुकता बनी हुई है कि उस तिजोरी से क्या सामने आता है। उन्होंने कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा परिवार महान वैज्ञानिक को श्रद्धासुमन अर्पित करता है और सोसायटी के सदस्य भी धन्यवाद के पात्र हैं, जो इस महत्वपूर्ण स्मारक के संरक्षण व संवर्धन की दिशा में निरंतर कार्य कर रहे हैं।

कार्यक्रम में इनकी रही मौजूदगी 89वीं पुण्यतिथि कार्यक्रम में सर जेसी बोस मेमोरियल सोसायटी के अध्यक्ष प्रभाकर कुमार, सचिव रितेश सराक, संयुक्त सचिव रामजी यादव तथा वरिष्ठ सदस्यों में नवीन कुमार सिन्हा, राजेश कुमार सिन्हा, शंकर पांडेय, टुन्ना सिंह, अनन्या निशु, दशरथ प्रसाद और योगेश्वर कुमार सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Read More News

सांसद ढुल्लू महतो की बेटी की वैवाहिक समारोह में शामिल हुए सीएम हेमंत सोरेन, नवदंपती को दिया आशीर्वाद

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपनी पत्नी सह विधायक कल्पना सोरेन के साथ मंगलवार को धनबाद जिले के चिटाही...

Read More