दिल्ली के जामा मस्जिद थाना क्षेत्र में चाकू से हमले में नौ पुलिसकर्मी घायल हो गए। पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी भी जख्मी हुआ है। मामले की जांच जारी है।
News Saga Desk
नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के जामा मस्जिद थाना क्षेत्र में पुलिसकर्मियों पर चाकू से हमले की सनसनीखेज घटना सामने आई है। इस घटना में कुल नौ पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। वहीं, पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी भी घायल हो गया है। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
काउंसलिंग के लिए थाने बुलाया गया था आरोपी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 30 वर्षीय नबील को काउंसलिंग के लिए जामा मस्जिद थाने बुलाया गया था। इसी दौरान उसने पुलिसकर्मियों पर चाकू से हमला कर दिया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आरोपी को पकड़ने के दौरान भी पुलिसकर्मियों पर हमला हुआ।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी घायल
पुलिस के मुताबिक, आत्मरक्षा में की गई जवाबी फायरिंग में आरोपी के दोनों पैरों में गोलियां लगीं। इसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
दो सब इंस्पेक्टर की हालत गंभीर
घटना में गंभीर रूप से घायल दो सब इंस्पेक्टर समेत पांच पुलिसकर्मियों को सर गंगा राम अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि चार अन्य पुलिसकर्मियों का इलाज लोकनायक जयप्रकाश अस्पताल (एलएनजेपी) में चल रहा है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
No Comment! Be the first one.