गिरिडीह: जिले के सदर प्रखंड अंतर्गत अज़ीडीह स्थित राज्यीय उच्च विद्यालय में विद्यार्थियों को रजिस्ट्रेशन फॉर्म भरने के दौरान हो रही परेशानियों और निर्धारित शुल्क से अधिक पैसे मांगने की शिकायत सामने आई है।
NEWS SAGA DESK
गिरिडीह: जिले के सदर प्रखंड अंतर्गत अज़ीडीह स्थित राज्यीय उच्च विद्यालय में विद्यार्थियों को रजिस्ट्रेशन फॉर्म भरने के दौरान हो रही परेशानियों और निर्धारित शुल्क से अधिक पैसे मांगने की शिकायत सामने आई है। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के नेता मो. हसनैन अली विद्यालय पहुंचे और शिक्षकों से पूरे मामले पर बातचीत की। इस दौरान उन्होंने कथित लापरवाही को लेकर विद्यालय प्रबंधन के प्रति नाराजगी जताई और जिम्मेदार लोगों को कड़ी चेतावनी दी।
हसनैन अली के विद्यालय पहुंचने पर विद्यार्थियों ने खुलकर अपनी समस्याएं रखीं। उन्होंने बताया कि रजिस्ट्रेशन फॉर्म भरने के लिए उन्हें बार-बार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। वहीं, निर्धारित शुल्क को लेकर भी सही जानकारी नहीं दी जा रही थी। विद्यार्थियों का आरोप है कि कई दिनों से वे इस समस्या से जूझ रहे थे, लेकिन उनकी शिकायतों पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा था।
विद्यालय में शिक्षकों के साथ बातचीत के दौरान हसनैन अली ने कहा कि रजिस्ट्रेशन जैसी महत्वपूर्ण प्रक्रिया में विद्यार्थियों को परेशान करना और तय शुल्क से अधिक राशि लेना किसी भी हाल में स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विद्यालय में बड़ी संख्या में गरीब और ग्रामीण परिवारों के बच्चे पढ़ाई करते हैं। ऐसे में उन पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालना बिल्कुल अनुचित है।
उन्होंने विद्यालय प्रबंधन को स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि बच्चों की शिक्षा और उनके भविष्य के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि आगे भी इस तरह की शिकायतें सामने आती हैं, तो मामले को उच्च अधिकारियों के समक्ष उठाया जाएगा और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की जाएगी।
इस दौरान मो. हसनैन अली के साथ मो. इमरान, हैदर अंसारी, रोहित तुरी, सिराज अंसारी और कैलास यादव समेत सैकड़ों छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। विद्यार्थियों को उम्मीद है कि इस पहल के बाद रजिस्ट्रेशन से जुड़ी उनकी परेशानियों का समाधान होगा।
हसनैन अली ने शिक्षकों से विद्यार्थियों के प्रति संवेदनशील रहने और रजिस्ट्रेशन समेत अन्य शैक्षणिक प्रक्रियाओं में उनका सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्कूल का उद्देश्य बच्चों को बेहतर शिक्षा और सुविधाएं देना है, न कि उन्हें छोटी-छोटी प्रक्रियाओं के लिए परेशान करना। उन्होंने विद्यार्थियों को भरोसा दिलाया कि शिक्षा से जुड़े किसी भी मुद्दे पर उनकी आवाज उठाई जाएगी और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
No Comment! Be the first one.