स्टैंड-अप कॉमेडियन यश माहेश्वरी के शो ‘Morally Questionable’ के एक क्लिप में छठ पूजा और सिंदूर की परंपरा पर टिप्पणी के बाद बिहार में विरोध तेज हो गया है। माफी के बावजूद कार्रवाई की मांग जारी है और कानूनी नोटिस भी भेजा गया है। पढ़ें पूरी खबर।
बिहार की महिलाओं के सिंदूर और छठ पूजा की परंपरा को लेकर की गई कथित अश्लील टिप्पणी के मामले में स्टैंड-अप कॉमेडियन यश माहेश्वरी विवादों में घिर गए हैं। उनके एक वीडियो क्लिप के वायरल होने के बाद सोशल मीडिया से लेकर राजनीतिक और कानूनी हलकों तक विरोध तेज हो गया है। लोगों ने इस टिप्पणी को महिलाओं के सम्मान, बिहार की संस्कृति और छठ महापर्व की आस्था के खिलाफ बताते हुए नाराजगी जताई है। बढ़ते दबाव व कानूनी कार्रवाई की मांग के बीच कॉमेडियन ने हाथ जोड़कर माफी मांग ली है, हालांकि इसके बावजूद विरोध शांत नहीं हुआ है।
कहां और किस वीडियो से शुरू हुआ विवाद? यह विवाद यश माहेश्वरी के स्टैंड-अप शो ‘Morally Questionable’ से जुड़ा बताया जा रहा है, जिसका वीडियो उन्होंने 21 नवंबर को अपने यूट्यूब चैनल पर साझा किया था। वीडियो के विवरण के अनुसार यह प्रस्तुति दिल्ली-एनसीआर में आयोजित शो का हिस्सा थी। इसी वीडियो के एक हिस्से में उन्होंने छठ पूजा के दौरान बिहार की विवाहित महिलाओं द्वारा नाक से माथे तक लंबा सिंदूर लगाने की परंपरा पर टिप्पणी की और सिंदूर की लंबाई को लेकर आपत्तिजनक तुलना करते हुए निजी अंगों का संदर्भ दिया। वीडियो के वायरल क्लिप के बाद लोगों ने इसे अभद्र और अपमानजनक करार दिया।
सोशल मीडिया पर कैसे बढ़ा आक्रोश? वीडियो का छोटा हिस्सा सोशल मीडिया पर प्रसारित होते ही बड़ी संख्या में यूजर्स ने बिहार पुलिस को टैग करते हुए कार्रवाई की मांग शुरू कर दी। लोगों का कहना था कि छठ महापर्व बिहार की सांस्कृतिक पहचान और लोकआस्था का प्रतीक है, ऐसे में इससे जुड़ी परंपराओं और महिलाओं के सम्मान पर इस तरह की टिप्पणी स्वीकार्य नहीं है। कई यूजर्स ने हास्य के नाम पर सांस्कृतिक परंपराओं को निशाना बनाए जाने पर सवाल उठाते हुए गिरफ्तारी और प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की।
ऋतु जायसवाल और अभिषेक मनु सिंघवी ने की सख्त कार्रवाई की मांग इस मामले पर भाजपा नेता एवं सामाजिक कार्यकर्ता ऋतु जायसवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर यश माहेश्वरी के खिलाफ बिहार के प्रत्येक जिले में एफआईआर (FIR) दर्ज करने की मांग की। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व और छठव्रतियों की आस्था व अस्मिता से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसी सख्त कार्रवाई होनी चाहिए जिससे भविष्य में कोई भी ऐसी टिप्पणी करने से पहले सोचे।
No Comment! Be the first one.