बिहार के मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी में लाखों की भीड़ उमड़ने के बाद कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। भोज के दौरान पत्तल के लिए होड़ और पानी के नल पर गिलास बांधने के दृश्य चर्चा का विषय बने हुए हैं। पढ़ें पूरी खबर।
पटना: बिहार के मोकामा विधायक अनंत सिंह की छोटी बेटी शिवांगी की शादी अपने भव्य आयोजन के साथ-साथ वहां उमड़ी भारी भीड़ को लेकर भी चर्चा में है। विवाह समारोह में लाखों लोगों के भोजन की व्यवस्था किए जाने की बात कही गई थी, लेकिन जब बड़ी संख्या में लोग भोज के लिए पहुंचे तो इंतजाम संभालना कठिन होता दिखाई दिया। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में कहीं पत्तल के लिए लोगों के बीच होड़ दिख रही है, तो कहीं पत्तल हवा में उछालकर बांटे जा रहे हैं। वहीं, पानी पीने के लिए लगाए गए नलों पर गिलास बांधे जाने का दृश्य भी लोगों का ध्यान खींच रहा है।
पत्तल लेने के लिए मची होड़, कार्टून में खाना खाते दिखे लोग भोज के दौरान भीड़ इतनी अधिक थी कि लोगों को भोजन प्राप्त करने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में कई लोग पत्तल हासिल करने के लिए आपस में होड़ करते नजर आ रहे हैं, जबकि दूसरे वीडियो में व्यवस्था में जुटे लोग दूर खड़े मेहमानों तक पत्तल पहुंचाने के लिए उन्हें हवा में उछालकर बांटते दिख रहे हैं। इसके अलावा एक अन्य वीडियो में प्लेट या पत्तल उपलब्ध नहीं होने पर कुछ लोग कार्टून के टुकड़ों पर ही खाना खाते दिखाई दिए।
पानी पीने के लिए नलों पर बांधे गए गिलास भोज में पेयजल की व्यवस्था भी सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है। खबर 360° द्वारा साझा किए गए एक वीडियो में पानी के नलों के पास रस्सी से गिलास बंधे हुए दिखाई दे रहे हैं, ताकि भीड़ के बीच लोग आसानी से पानी पी सकें। विशाल भीड़ के बीच किए गए ये देसी इंतजाम इंटरनेट पर तेजी से साझा किए जा रहे हैं।
25 नवंबर को नदवां गांव में संपन्न हुआ विवाह समारोह गौरतलब है कि अनंत सिंह की छोटी बेटी शिवांगी सिंह का विवाह 25 नवंबर को पटना जिले के नदवां गांव में संपन्न हुआ। उनका विवाह बिहटा के कृष्णानगर निवासी ऋषिकेश कुमार के साथ हुआ है। इस समारोह में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए और आयोजन के दौरान घुड़दौड़ सहित कई पारंपरिक कार्यक्रम भी रखे गए थे।
No Comment! Be the first one.