सुप्रीम कोर्ट ने पैकेटबंद खाद्य पदार्थों पर हाई शुगर, हाई फैट और हाई सॉल्ट के चेतावनी लेबल लगाने को लेकर FSSAI को अहम निर्देश दिए हैं।
News Saga Desk
नई दिल्ली : पैकेटबंद खाद्य पदार्थों के सेवन से स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रभावों को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने अहम निर्देश दिए हैं। अदालत ने खाद्य पदार्थों के पैकेट पर स्पष्ट चेतावनी लेबल लगाने को कहा है, ताकि उपभोक्ताओं को संबंधित उत्पाद में मौजूद पोषक तत्वों की अधिक मात्रा और उससे जुड़े संभावित स्वास्थ्य जोखिमों की जानकारी मिल सके।
जस्टिस जेबी पारदीवाला और जस्टिस के विनोद चंद्रन की पीठ ने भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) को फ्रंट ऑफ पैकेज न्यूट्रिशन लेबलिंग (FoPNL) के नियमों को सख्त करने का निर्देश दिया है।
पैकेट के सामने दिखानी होगी चीनी, नमक और फैट की जानकारी
अदालत ने निर्देश दिया कि खाद्य पदार्थों के पैकेट के अगले हिस्से पर ‘एडेड शुगर’ और ‘एडेड फैट’ के बजाय ‘टोटल शुगर’ और ‘सैचुरेटेड फैट’ को नमक के साथ चिंताजनक पोषक तत्वों के रूप में दर्शाया जाए।
इसका उद्देश्य उपभोक्ताओं को खाद्य उत्पादों में मौजूद चीनी, नमक और वसा की अधिक मात्रा के प्रति जागरूक करना है।
छह कोनों वाला होगा चेतावनी चिह्न
निर्देशों के मुताबिक, चेतावनी चिह्न छह कोनों वाला होगा। इसमें संबंधित पोषक तत्व की तस्वीर के साथ ‘हाई फैट’, ‘हाई शुगर’ या ‘हाई सॉल्ट’ जैसे शब्द लिखे जाएंगे। इससे उपभोक्ता खरीदारी के दौरान आसानी से उत्पाद की पहचान कर सकेंगे।
स्वस्थ खानपान को मिलेगा बढ़ावा
पैकेटबंद खाद्य पदार्थों में चीनी, नमक और सैचुरेटेड फैट की अधिक मात्रा का नियमित सेवन मोटापा, उच्च रक्तचाप, मधुमेह और हृदय संबंधी बीमारियों का जोखिम बढ़ा सकता है। स्पष्ट चेतावनी लेबल उपभोक्ताओं को बेहतर और स्वास्थ्यवर्धक खाद्य विकल्प चुनने में मदद कर सकते हैं।
हालांकि, इन निर्देशों के क्रियान्वयन की समयसीमा और अंतिम नियमों की जानकारी अभी उपलब्ध नहीं है।
No Comment! Be the first one.