झारखंड की राजधानी रांची में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से सामान्य तस्वीरों को आपत्तिजनक बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने के मामले सामने आए हैं। पिछले एक सप्ताह में आठ लड़कियों ने साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई है और तस्वीरें हटाने व आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की है। पढ़ें पूरी खबर।
रांची: सोशल मीडिया पर साझा की गई सामान्य तस्वीरों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के माध्यम से आपत्तिजनक बनाकर वायरल करने के मामले सामने आ रहे हैं। रांची में पिछले एक सप्ताह के दौरान आठ लड़कियों ने साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई है, जिनमें आदिवासी समुदाय की नाबालिग बच्चियां और युवतियां भी शामिल हैं। पीड़िताओं का आरोप है कि उनकी सामान्य तस्वीरों को AI की सहायता से आपत्तिजनक रूप देकर इंस्टाग्राम और फेसबुक पर फर्जी अकाउंट्स के जरिए प्रसारित किया गया। तस्वीरों के फर्जी होने के बावजूद पीड़िताओं को सामाजिक बदनामी और मानसिक प्रताड़ना झेलनी पड़ रही है, जिसके चलते कई लड़कियों ने बदनामी के डर से स्कूल-कॉलेज जाना तक छोड़ दिया है।
चान्हो और रातू समेत विभिन्न इलाकों की लड़कियों ने दर्ज कराया आवेदन जानकारी के अनुसार, चान्हो थाना क्षेत्र की दो लड़कियों ने 22 नवंबर और रातू थाना क्षेत्र की तीन लड़कियों ने 24 नवंबर को साइबर थाने में शिकायत दी है। इसके अलावा कमड़े और आसपास के क्षेत्रों की पीड़िताओं ने भी आवेदन दिए हैं। पीड़िताओं के मुताबिक, 20 नवंबर को उन्हें पता चला कि इंस्टाग्राम और फेसबुक पर उनके नाम से जुड़े अकाउंट्स के माध्यम से उनकी तस्वीरों को AI से एडिट कर अश्लील रूप में अपलोड किया गया है। सभी पीड़िताओं ने सोशल मीडिया से आपत्तिजनक तस्वीरें तुरंत हटाने और आरोपियों की पहचान कर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।
परिवार में तनाव और मानसिक दबाव से जूझ रही हैं पीड़िताएं पीड़िताओं ने अपने आवेदन में कहा है कि तस्वीरें वायरल होने से समाज और गांव में उनकी छवि को नुकसान पहुंच रहा है, जिसका असर पारिवारिक माहौल पर भी पड़ रहा है। घर में तनाव की स्थिति बनी हुई है और कई पीड़िताओं के लिए बाहर निकलना भी कठिन हो गया है। नाबालिग लड़कियों सहित अन्य पीड़िताओं ने पुलिस से तकनीकी जांच कर आरोपियों की पहचान करने तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम (IT Act) के तहत कार्रवाई करने की अपील की है।
No Comment! Be the first one.