मुंबई पुलिस ने दादर स्थित शिवाजी पार्क में बिना अनुमति प्रदर्शन करने के मामले में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके और सह-संयोजक आशुतोष रांका के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर (LOC) जारी किया है। इससे पहले सह-संयोजक सौरव दास को दिल्ली एयरपोर्ट पर लंदन जाने से रोका गया था। पढ़ें पूरी खबर।
मुंबई: मुंबई पुलिस ने कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके और सह-संयोजक आशुतोष रांका के खिलाफ भी लुक आउट सर्कुलर (LOC) जारी कर दिया है। इससे पहले पार्टी के सह-संयोजक सौरव दास के विरुद्ध LOC जारी होने की बात सामने आई थी। पुलिस ने यह कदम मुंबई के दादर स्थित शिवाजी पार्क में बिना अनुमति विरोध प्रदर्शन करने से जुड़े प्रकरण में उठाया है।
2 अक्टूबर के ‘चलो मुंबई’ प्रदर्शन को लेकर 400 से अधिक लोगों पर FIR एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के अनुसार, यह प्रदर्शन 2 अक्टूबर को गांधी जयंती के अवसर पर आयोजित किया गया था, जिसे पार्टी ने ‘चलो मुंबई’ नाम दिया था। इसमें मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग उठाई गई थी। प्रदर्शन के अगले दिन यानी 3 अक्टूबर को मुंबई पुलिस ने अभिजीत दीपके, प्रणव अहिरे, आशुतोष रांका, अजिंक्य शिंदे, सौरव दास, अफरीन नवाज, सौम्या कोर्डे, अंकित भारद्वाज, विजय मालंगी और योगेश इंगले समेत 400 से अधिक समर्थकों के खिलाफ FIR दर्ज की।
आरोपियों पर गैरकानूनी रूप से एकत्रित होने और सार्वजनिक स्थल पर नारेबाजी करने के आरोप में भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 189 और 223 तथा महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम की धारा 37 और 135 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अधिकारी के मुताबिक, आरोपियों के देश छोड़कर जाने की आशंका के मद्देनजर LOC जारी किया गया है।
बिना अनुमति जुटे थे 4,000 से ज्यादा लोग, कई फिल्मी हस्तियां भी रहीं मौजूद CJP ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) में गड़बड़ियों का आरोप लगाते हुए 2 अक्टूबर को शिवाजी पार्क में प्रदर्शन की घोषणा की थी। मुंबई पुलिस ने मैदान में सभा पर प्रतिबंध तथा ट्रैफिक व शोर से जुड़ी स्थानीय शिकायतों का हवाला देते हुए अनुमति देने से इनकार कर दिया था। इसके बावजूद हुए प्रदर्शन में 4,000 से अधिक लोग शामिल हुए, जिनमें अभिनेता नसीरुद्दीन शाह, शबाना आजमी और फिल्म निर्माता आनंद पटवर्धन भी मौजूद थे। सुरक्षा व्यवस्था के तहत करीब 300 पुलिसकर्मी तैनात किए गए थे और प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ था।
No Comment! Be the first one.