आनंदपुरी-कुर्जी नाले पर बनेगी फोरलेन सड़क, CM ने किया शिलान्यास; 300 करोड़ की लागत, अटल पथ से जुड़ाव

News Saga Desk

पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज करीब 300 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले दो नालों का शिलान्यास किया। 181 करोड़ रुपए की लागत से कुर्जी नाले का निर्माण होगा। वहीं 91 करोड़ रुपए की लागत से आनंदपुरी नाले का निर्माण किया जाएगा। आनंदपुरी नाले पर सड़क भी बनाई जाएगी। वहीं कुर्जी नाले पर फोर लेन सड़क बनाया जाएगा।

अटल पथ से नाले की होगी कनेक्टिविटी

वहीं पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन ने कहा कि पटनावासियों को आज एक बड़ा तोहफा मिला है। 300 करोड़ की लागत से दो बड़े नालों का निर्माण हो रहा है। इसके ऊपर फिर सड़क का भी निर्माण होगा। यह योजना पटना के मानचित्र में इस इलाके को आगे लेकर आएगा। अटल पथ से इस नाले की कनेक्टिविटी होगी। पटना के लोगों को एक वैकल्पिक मार्ग मिल जाएगा। वहीं, कुर्जी नाले के ऊपर फोर लेन बनाया जाएगा। इन दोनों योजना का आज से शुभारंभ हुआ है और समय पर इसे पूरा किया जाएगा।

आनंदपुरी नाला पटना शहर के जल निकासी नाला परियोजनाओं से संबंधित एक महत्वपूर्ण योजना है। इस नाले से पटना शहर के 4 वार्डों (वार्ड-7 बाबा चौक, शिवपुरी और पटेल नगर, वार्ड-8 राजवंशी नगर और वार्ड-22, वार्ड- 23 बोरिंग रोड और आनन्दपुरी) से बारिश वाले पानी की निकासी राजापुर पुल ड्रेनेज पम्पिंग स्टेशन के माध्यम से हो सकेगी।

शिलान्यास करने पहुंचे CM नीतीश कुमार, साथ में मौजूद डिप्टी CM सम्राट चौधरी और मंत्री।

शिलान्यास करने पहुंचे CM नीतीश कुमार, साथ में मौजूद डिप्टी CM सम्राट चौधरी और मंत्री।

जल जमाव की समस्या से निजात मिलेगा

आनंदपुरी नाला बाबा चौक से शुरू होकर अटल पथ और ए० एन० कॉलेज को अंडरग्राउंड बॉक्स ड्रेन की मदद से पार करते हुए राजापुर पुल ड्रेनेज पम्पिंग स्टेशन पर खत्म होता है। इसकी कुल लम्बाई 4.05 किलोमीटर प्रस्तावित है। इस योजना के पूरे होने के बाद वार्ड सं- 7, 8, 22 और 23 में मॉनसून में होन वाली जल जमाव की समस्या से निजात मिलेगा और इसके ऊपर टू लेन सड़क निर्माण की जाएगी।

180.99 करोड़ रुपए में कुर्जी नाले का होगा निर्माण

कुर्जी नाले का निर्माण दीघा आशियाना रोड पर राजीव नगर ड्रेनेज पम्पिंग स्टेशन से कुर्जी ड्रेनेज पम्पिंग स्टेशन तक किया जाना प्रस्तावित है, जिसकी कुल लम्बाई 4.26 किलोमीटर है। इस नाले पर सड़क निर्माण किया जाना है, जिसकी राशि 180.99 करोड़ रुपये प्रस्तावित है। इस नाला की संरचना बॉक्स ड्रेन होने की वजह से नाले के उपर निर्बाध यातायात के लिए फोर-लेन सड़क निर्माण के साथ-साथ स्ट्रीट लाइट को भी सम्मिलित किया गया है।


Read More News

Read More