फिलीपींस में 7.8 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप से 15 लोगों की मौत हुई। कई इमारतें क्षतिग्रस्त हुईं और इंडोनेशिया, जापान समेत कई देशों में सुनामी अलर्ट जारी किया गया।
News Saga Desk
फिलीपींस में सोमवार सुबह 7.8 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप ने भारी तबाही मचाई। भूकंप के तेज झटकों से कई इमारतों को नुकसान पहुंचा, लोग घरों और दफ्तरों से बाहर निकलकर सड़कों पर आ गए और कई इलाकों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस के अनुसार अब तक 15 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई अन्य घायल हुए हैं।
अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के मुताबिक भूकंप भारतीय समयानुसार सुबह 5:07 बजे आया। इसका केंद्र मिंडानाओ द्वीप के पास जमीन से लगभग 35 किलोमीटर नीचे स्थित था। भूकंप के झटके फिलीपींस के कई हिस्सों के अलावा पड़ोसी देशों में भी महसूस किए गए।
फिलीपींस के ज्वालामुखी और भूकंप विज्ञान संस्थान (PHIVOLCS) ने बताया कि स्थानीय समयानुसार सुबह 11 बजे तक 138 आफ्टरशॉक दर्ज किए गए। इनकी तीव्रता 1.3 से 6.7 के बीच रही। भूकंप के बाद मिंडानाओ द्वीप के छह इलाकों में सुनामी की लहरें भी दर्ज की गईं, जिनमें सबसे ऊंची लहर 1.4 मीटर तक पहुंची।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए इंडोनेशिया, मलेशिया, जापान और गुआम के लिए सुनामी अलर्ट जारी किया गया। इंडोनेशिया की मौसम और भूभौतिकी एजेंसी BMKG ने अपने उत्तर-पूर्वी तटीय क्षेत्रों के लिए चेतावनी जारी की, जबकि जापान मौसम एजेंसी ने दक्षिणी तटीय इलाकों में सुनामी एडवाइजरी जारी की। हालांकि कुछ घंटों बाद कई क्षेत्रों में चेतावनियां वापस ले ली गईं।
जनरल सैंटोस सिटी पुलिस के अधिकारियों के अनुसार कई भवन क्षतिग्रस्त हुए हैं और राहत-बचाव अभियान लगातार जारी है। कुछ इलाकों में बिजली आपूर्ति भी बाधित हुई। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और आधिकारिक निर्देशों का पालन करने की अपील की है। फिलहाल नुकसान का आकलन किया जा रहा है और प्रभावित क्षेत्रों में बचाव कार्य तेज कर दिए गए हैं।
No Comment! Be the first one.