News Saga Desk
धनबाद के बैंकमोड़ थाना क्षेत्र स्थित केंद्रीय गुरुद्वारा के सामने मौजूद चौधरी स्वीट्स में बुधवार सुबह अचानक भीषण आग लग गई। आग लगते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
स्थानीय लोगों के अनुसार सुबह करीब सात बजे दुकान से अचानक धुआं निकलता दिखाई दिया, जिसके बाद आग तेजी से फैल गई। आग लगने के कारणों को लेकर अलग-अलग दावे सामने आ रहे हैं। दुकान संचालक का कहना है कि शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लगी, जबकि आसपास के लोगों का आरोप है कि तेल गर्म करने के दौरान गैस सिलेंडर लीक होने से हादसा हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आग इतनी भयावह थी कि कुछ देर के लिए पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया और लोग अपनी दुकानों से बाहर निकल आए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी भी देखने को मिली। लोगों का आरोप है कि दुकान के बाहर अवैध तरीके से बड़े-बड़े चूल्हे लगाए जाते थे, जिससे हमेशा हादसे की आशंका बनी रहती थी। दुकान के ऊपर एक बुजुर्ग दंपति के रहने की बात भी सामने आई है। लोगों का कहना है कि अगर समय रहते दमकल विभाग नहीं पहुंचता, तो बड़ा हादसा हो सकता था। फिलहाल फायर ब्रिगेड और प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुट गए हैं और आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है। शुरुआती अनुमान के अनुसार इस अगलगी में करीब पांच लाख रुपये से अधिक की संपत्ति का नुकसान हुआ है।
No Comment! Be the first one.