News Saga Desk
झारखंड में अवैध वेतन निकासी मामले की जांच कर रही सीआईडी की विशेष जांच टीम (एसआईटी) ने एक अहम कार्रवाई करते हुए बोकारो एसपी कार्यालय के अकाउंट सेक्शन में प्रतिनियुक्त एएसआई अशोक कुमार भंडारी को गिरफ्तार कर लिया है। इस गिरफ्तारी को मामले में बड़ी प्रगति के रूप में देखा जा रहा है। बुधवार को आरोपी अशोक कुमार भंडारी को रांची स्थित सीआईडी की विशेष अदालत में पेश किया गया। अदालत ने सुनवाई के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेजते हुए रांची के होटवार स्थित बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा भेजने का आदेश दिया।
जांच के दौरान यह बात सामने आई है कि एएसआई अशोक कुमार भंडारी, इस मामले में पहले से गिरफ्तार मुख्य लेखापाल कौशल कुमार पांडेय का करीबी सहयोगी था। एसआईटी द्वारा की गई वित्तीय जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि कौशल कुमार पांडेय के बैंक खाते से अशोक भंडारी के खाते में लगभग 50 लाख रुपये ट्रांसफर किए गए थे।
सीआईडी अधिकारियों के अनुसार, यह मामला सिर्फ अवैध वेतन निकासी तक सीमित नहीं हो सकता, बल्कि इसमें एक संगठित नेटवर्क के शामिल होने की भी आशंका जताई जा रही है। जांच एजेंसी अब इस पूरे वित्तीय लेनदेन, जुड़े अन्य खातों और संभावित आरोपियों की भूमिका की गहराई से जांच कर रही है।
सूत्रों की मानें तो आने वाले दिनों में इस मामले में और भी अहम खुलासे हो सकते हैं तथा अन्य संबंधित लोगों पर भी कार्रवाई की जा सकती है। फिलहाल सीआईडी की टीम दस्तावेजों और बैंकिंग ट्रेल के आधार पर साक्ष्य जुटाने में जुटी हुई है।
No Comment! Be the first one.