रांची में आरएसएस दफ्तर पर पेट्रोल बम से हमले की कोशिश, CCTV में दो संदिग्ध दिखे

News Saga Desk

रांची में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के कार्यालय पर देर रात पेट्रोल बम से हमला करने का प्रयास किया गया। पुलिस के अनुसार मध्यरात्रि लगभग 12:30 बजे दो युवक सॉस की बोतल में पेट्रोल भरकर कार्यालय की ओर आए और अंदर फेंकने का प्रयास किया, लेकिन बाउंड्री से ठीक पहले ही बोतलें गिरीं। पुलिस ने बताया कि घटना के बाद जांच शुरू कर दी गई है और एफएसएल सहित कई टीमें लगा दी गई हैं।

सीसीटीवी फुटेज में स्पष्ट दिखाई देता है कि आरोपियों ने 16 व 17 तारीख की मध्यरात्रि में दो बार कार्यालय के पास आकर पेट्रोल बम फेंकने का प्रयास किया। शुरुआती जानकारी के अनुसार इस घटना में दो युवक शामिल रहे हैं।

घटना की जानकारी मिलने पर रक्षा राज्य मंत्री और रांची के सांसद संजय सेठ तथा राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी आज तड़के आरएसएस कार्यालय पहुंचे और स्थल का निरीक्षण किया। मौके पर पुलिस लगातार जांच कर रही है। बाद में पत्रकारों से बातचीत में संजय सेठ ने कहा कि यह बड़ी साजिश की ओर इशारा करता है और देश-विरोधी तत्व इससे जुड़े हो सकते हैं। उन्होंने घटना की पूर्ण जांच कर अपराधियों की गिरफ्तारी और कार्यालय के पास तत्काल पुलिस पिकेट लगाने की मांग की।

संजय सेठ ने एक सवाल के जवाब में यह भी कहा कि तपोवन मंदिर के पास स्थित एक रेस्टोरेंट में मांस व मदिरा परोसी जा रही है और पुलिस को इस पर कार्रवाई करनी चाहिए।

Read More News

Read More