पिता के सामने पटना के होटल में छात्रा से बदसलूकी की कोशिश, मैनेजर और स्टाफ गिरफ्तार

News Saga Desk

बिहार की राजधानी पटना से एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां पॉलिटेक्निक प्रवेश परीक्षा देने आई एक छात्रा के साथ होटल में बदसलूकी की कोशिश की गई। अब इस मामले में पुलिस ने बड़ा एक्शन लेते हुए होटल Hidden Villa के मैनेजर रोहित और होटल स्टाफ काजू को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इससे पहले मुख्य आरोपी सत्येंद्र कुमार की गिरफ्तारी हो चुकी थी। पुलिस का कहना है कि जांच में होटल प्रबंधन की गंभीर लापरवाही और संदिग्ध भूमिका सामने आई है।

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के मुताबिक बेगूसराय की रहने वाली एक छात्रा अपने पिता के साथ पॉलिटेक्निक प्रवेश परीक्षा देने पटना आई थी। दोनों ने शनिवार रात रूपसपुर थाना क्षेत्र स्थित Hidden Villa होटल में कमरा लिया था।

आरोप है कि रात करीब 12 बजे शराब के नशे में धुत एक युवक अचानक कमरे में घुस गया और छात्रा का हाथ पकड़कर उसे जबरन बाहर खींचने लगा। छात्रा के चीखने की आवाज सुनकर पिता की नींद खुल गई। पिता और बेटी ने मिलकर आरोपी का विरोध किया, जिसके बाद वह वहां से भाग निकला।

होटल प्रबंधन पर क्यों हुई कार्रवाई?

घटना के बाद पीड़ित परिवार ने होटल प्रबंधन पर कई गंभीर आरोप लगाए। पिता का कहना है कि होटल ने पहचान पत्र लेने के बावजूद रजिस्टर में उनकी पूरी एंट्री नहीं की थी। सिर्फ हस्ताक्षर करवाकर कमरा दे दिया गया। सबसे बड़ी लापरवाही यह सामने आई कि कमरे का लॉक ठीक से काम नहीं कर रहा था। इसी का फायदा उठाकर आरोपी कमरे के अंदर पहुंच गया।

पीड़ित परिवार का आरोप है कि घटना के बाद जब उन्होंने पुलिस को सूचना दी तो होटल प्रबंधन सहयोग करने के बजाय उन्हें ही डराने-धमकाने लगा। जब पुलिस मौके पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज मांगी गई तो होटल प्रबंधन ने कैमरा खराब होने की बात कही। इसके बाद पुलिस को होटल पर शक और गहरा हो गया।

आरोपी निकला होटल का ही कर्मचारी

मामले में बड़ा खुलासा तब हुआ जब पीड़ित पिता ने अपने मोबाइल से आरोपी का वीडियो पुलिस को दिखाया। जांच में पता चला कि आरोपी कोई बाहरी व्यक्ति नहीं बल्कि होटल का ही स्टाफ था।

इसके बाद पुलिस ने होटल कर्मचारियों से सख्ती से पूछताछ शुरू की। जांच में कई अनियमितताएं सामने आने के बाद मैनेजर रोहित और स्टाफ काजू को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक होटल में नियमों का सही तरीके से पालन नहीं किया जा रहा था और कई गंभीर गड़बड़ियां मिली हैं।

होटल में चल रही थीं शराब पार्टियां?

पीड़ित परिवार ने यह भी आरोप लगाया है कि होटल के कई कमरों में लड़के-लड़कियां शराब पी रहे थे। अब पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि होटल में अवैध शराब पार्टी या दूसरी गैरकानूनी गतिविधियां तो नहीं चल रही थीं। बता दें कि बिहार में शराबबंदी कानून लागू है, ऐसे में होटल में शराब पार्टी की आशंका ने मामले को और गंभीर बना दिया है।

क्या पुलिस कह रही है?

Bihar Police के अनुसार मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि होटल प्रबंधन की भूमिका सिर्फ लापरवाही तक सीमित थी या फिर किसी बड़े नेटवर्क से भी जुड़ी हुई थी। रूपसपुर थाना पुलिस ने साफ कहा है कि अगर जांच में और गड़बड़ियां सामने आती हैं तो आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Read More News

RJD छोड़ भाजपा में शामिल हुई रितु जायसवाल , प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने पार्टी में किया स्वागत

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय में मंगलवार को आयोजित मिलन समारोह में राष्ट्रीय जनता दल की...

CM हेमन्त सोरेन ने बैठक में दिए बड़े निर्देश, 5 हजार सीएम स्कूल ऑफ़ एक्सीलेंस बनाने की तैयारी

हेमन्त सोरेन की अध्यक्षता में मंगलवार को झारखंड मंत्रालय में स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग की...

Read More