उत्तर 24 परगना के जगद्दल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली से पहले TMC और BJP समर्थकों के बीच हिंसक झड़प, बमबाजी और फायरिंग की घटना।
पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के जगद्दल इलाके में रविवार रात उस समय भारी हिंसा भड़क गई, जब नरेंद्र मोदी की सोमवार को होने वाली जनसभा से कुछ घंटे पहले राजनीतिक माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया।
घटना जगद्दल पुलिस स्टेशन के सामने हुई, जहां तृणमूल कांग्रेस (TMC) और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के समर्थक आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच विवाद हिंसक झड़प में बदल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद की शुरुआत राजनीतिक झंडों और पोस्टरों को फाड़ने से हुई। भाजपा कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि टीएमसी समर्थकों ने उनके प्रचार सामग्री को नुकसान पहुंचाया। इसके बाद दोनों पक्ष बड़ी संख्या में पुलिस स्टेशन के सामने इकट्ठा हो गए।
मौके पर पहले तीखी बहस हुई, जो जल्द ही मारपीट, पत्थरबाजी और बमबाजी में बदल गई। इस दौरान देसी बम फेंके गए और फायरिंग की भी खबरें सामने आई हैं।
हिंसा के बीच एक सीआईएसएफ जवान के घायल होने की सूचना है। स्थिति को काबू में करने के लिए पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी और अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती करनी पड़ी। इलाके में तनाव को देखते हुए सुरक्षा बढ़ा दी गई है और प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।
No Comment! Be the first one.