आलमगीर आलम को बेल मिलने पर कांग्रेस में जश्न पर BJP का हमला “भ्रष्टाचार का उत्सव मना रही पार्टी”

News Saga Desk

रांची में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में भाजपा प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने बहुचर्चित टेंडर घोटाला मामले में पूर्व मंत्री आलमगीर आलम को सुप्रीम कोर्ट से बेल मिलने के बाद कांग्रेस द्वारा जश्न मनाए जाने पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि अदालत से बेल मिलना आरोपमुक्त होना नहीं है और कांग्रेस पार्टी भ्रष्टाचार का उत्सव मना रही है।

प्रतुल शाहदेव ने कहा कि यह मामला तीन हजार करोड़ रुपये के कथित टेंडर घोटाले से जुड़ा है। उन्होंने आरोप लगाया कि आलमगीर आलम के पीए के नौकर के घर से 32 करोड़ रुपये नकद बरामद किए गए थे। भाजपा प्रवक्ता के अनुसार, नौकर जहांगीर ने भी स्वीकार किया था कि बरामद राशि आलमगीर आलम की थी।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी का नैतिक पतन हो चुका है और पार्टी “कमीशन, करप्शन और कलेक्शन” की राजनीति कर रही है। भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि झारखंड में भ्रष्टाचार, महिलाओं पर अत्याचार और सरकारी योजनाओं का लाभ लोगों तक नहीं पहुंचने जैसे गंभीर मुद्दों पर कांग्रेस नेतृत्व चुप्पी साधे हुए है।

प्रेस वार्ता के दौरान प्रतुल शाहदेव ने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा पर भी निशाना साधते हुए कहा कि दोनों नेता झारखंड की समस्याओं पर कुछ नहीं बोलते।

भाजपा प्रवक्ता ने कांग्रेस कोटे से मंत्री इरफान अंसारी पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री को तुष्टिकरण की राजनीति छोड़कर राज्य के अस्पतालों की स्थिति सुधारने पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि कई अस्पतालों में पैरासिटामोल जैसी सामान्य दवाएं तक उपलब्ध नहीं हैं और डॉक्टरों व नर्सों के पद खाली पड़े हैं।

राज्य सरकार पर हमला जारी रखते हुए प्रतुल शाहदेव ने कहा कि झारखंड में लोग पेयजल और बिजली संकट से परेशान हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने लाखों नौकरियां देने का वादा किया था, लेकिन डेढ़ साल में केवल 14 हजार नौकरियां ही दी गईं। साथ ही किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य पाने के लिए भटकना पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि राज्य की जनता बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रही है, जबकि कांग्रेस पार्टी भ्रष्टाचार के आरोपों में घिरे नेताओं की बेल पर जश्न मना रही है।

Read More News

आलमगीर आलम को बेल मिलने पर कांग्रेस में जश्न पर BJP का हमला “भ्रष्टाचार का उत्सव मना रही पार्टी”

रांची में भाजपा प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने आलमगीर आलम को बेल मिलने पर कांग्रेस के जश्न को लेकर तीखा...

Read More