बिजली दर वृद्धि और स्मार्ट मीटर के खिलाफ भाजपा का राज्यव्यापी प्रदर्शन, रांची में जेबीवीएनएल कार्यालय के बाहर महाधरना

News Saga Desk

रांची | भारतीय जनता पार्टी ने बिजली दरों में वृद्धि, अनियमित आपूर्ति और स्मार्ट मीटर के नाम पर भारी बिलिंग के विरोध में शुक्रवार को राज्यव्यापी धरना-प्रदर्शन किया। राजधानी रांची के डोरंडा स्थित कुशई में Jharkhand Bijli Vitran Nigam Limited कार्यालय के समक्ष महाधरना आयोजित किया गया।

इस धरना में रांची विधायक सीपी सिंह और हटिया विधायक नवीन जायसवाल समेत बड़ी संख्या में पार्टी के नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए।

धरना को संबोधित करते हुए सीपी सिंह ने कहा कि रांची सहित पूरे राज्य में बिजली आपूर्ति की स्थिति पूरी तरह चरमरा गई है। उन्होंने कहा कि इस गंभीर मुद्दे को उन्होंने विधानसभा सत्र में भी उठाया था, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला। उन्होंने आरोप लगाया कि अनियमित बिजली आपूर्ति के कारण बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है और घरों में पेयजल संकट गहराता जा रहा है। उन्होंने राज्य सरकार से 24 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की।

वहीं हटिया विधायक नवीन जायसवाल ने स्मार्ट मीटर को लेकर विभाग पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद उपभोक्ताओं को 50 हजार से लेकर 1 लाख रुपये तक के भारी-भरकम बिल थमाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में मात्र 10 से 12 घंटे ही बिजली मिल रही है, जबकि शहरी क्षेत्रों में भी जरूरत के अनुसार आपूर्ति नहीं हो पा रही है।

नवीन जायसवाल ने यह भी कहा कि कई जगहों पर बिजली के तार जर्जर स्थिति में हैं, लेकिन विभाग द्वारा उन्हें बदला नहीं जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जेबीवीएनएल अपनी कार्यप्रणाली में सुधार नहीं करता है, तो आने वाले दिनों में व्यापक स्तर पर आंदोलन किया जाएगा।

Read More News

बिजली दर वृद्धि और स्मार्ट मीटर के खिलाफ भाजपा का राज्यव्यापी प्रदर्शन, रांची में जेबीवीएनएल कार्यालय के बाहर महाधरना

रांची | भारतीय जनता पार्टी ने बिजली दरों में वृद्धि, अनियमित आपूर्ति और स्मार्ट मीटर के नाम पर भारी...

Read More