News Saga Desk
रांची : राजधानी रांची में भारतीय जनता पार्टी की ओर से पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान का आयोजन किया गया। यह दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर 25 और 26 मई तक चलेगा। कार्यक्रम का शुभारंभ बीजेपी झारखंड प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने रिबन काटकर किया।
इस प्रशिक्षण शिविर में पार्टी कार्यकर्ताओं को संगठन की विचारधारा, रीति-नीति और पार्टी की रणनीतियों की जानकारी दी जा रही है। कार्यक्रम में C. P. सिंह , नवीन जयसवाल, महानगर अध्यक्ष वरुण साहू समेत बड़ी संख्या में बीजेपी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
शिविर के दौरान कार्यकर्ताओं के लिए भोजन, ठहरने और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी व्यवस्था की गई है, ताकि संगठनात्मक समन्वय और आपसी मेल-जोल को मजबूत किया जा सके।
प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी नीति, रीति और सिद्धांतों पर चलने वाली पार्टी है। उन्होंने बताया कि पार्टी हर दो से तीन वर्षों में प्रशिक्षण शिविर का आयोजन करती है, ताकि नए और पुराने सभी कार्यकर्ताओं को पार्टी की विचारधारा और संगठनात्मक कार्यप्रणाली की जानकारी दी जा सके। उन्होंने कहा कि झारखंड भर में आयोजित इस प्रशिक्षण शिविर में कार्यकर्ताओं को राष्ट्रवादी सोच और संगठन की कार्यशैली के बारे में प्रशिक्षित किया जा रहा है।
वहीं रांची विधायक C. P. सिंह ने बताया कि रांची महानगर में आयोजित इस दो दिवसीय शिविर में करीब 200 कार्यकर्ता हिस्सा ले रहे हैं। शिविर के दौरान कुल 13 सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिनमें वरिष्ठ नेताओं द्वारा कार्यकर्ताओं को संगठन, विचारधारा और जनसंपर्क से जुड़े विषयों पर प्रशिक्षण दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण का उद्देश्य कार्यकर्ताओं को मजबूत और सक्रिय बनाना है, ताकि वे अपने-अपने क्षेत्रों में जाकर पार्टी की नीतियों और विचारों को आम लोगों तक पहुंचा सकें।
No Comment! Be the first one.