रांची में बिजली-पानी संकट पर BJP का हल्लाबोल, घड़ा फोड़ प्रदर्शन कर सरकार पर बोला हमला

News Saga Desk

राजधानी Ranchi में बिजली और पानी की समस्या को लेकर मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी ने बड़ा आक्रोश प्रदर्शन किया। जिला स्कूल मैदान शहीद चौक से समाहरणालय तक निकाले गए इस विरोध मार्च में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

इस प्रदर्शन में पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहु , केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, महिला-पुरुष पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।

प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ता हाथों में पार्टी का झंडा, तख्तियां और मांगों से जुड़े पोस्टर लेकर सड़कों पर उतरे। वहीं महिला कार्यकर्ता सिर पर घड़ा लेकर मार्च में शामिल हुईं और समाहरणालय गेट के पास प्रतीकात्मक विरोध स्वरूप घड़ा फोड़कर राज्य सरकार के खिलाफ नाराजगी जताई। “बिजली-पानी दो”, “जनता त्रस्त, सरकार मस्त” जैसे नारों से पूरा इलाका गूंजता रहा।

संजय सेठ ने राज्य सरकार पर साधा निशाना

केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कहा कि भाजपा शासनकाल में बनी पानी टंकियों तक में अब तक पाइपलाइन नहीं लग पाई है। उन्होंने आरोप लगाया कि जनता पेयजल संकट से जूझ रही है और केंद्र सरकार की जल जीवन मिशन योजना को राज्य सरकार विफल करने का काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में जनहित की अधिकांश योजनाएं धरातल पर फेल साबित हो रही हैं और आम लोगों को बिजली-पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशान होना पड़ रहा है।

अर्जुन मुंडा बोले- जल वितरण व्यवस्था पूरी तरह फेल

पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा कि राज्य सरकार जल वितरण व्यवस्था को संभालने में पूरी तरह असफल साबित हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिजली सप्लाई सिस्टम भी पूरी तरह अव्यवस्थित हो चुका है, जिसका खामियाजा आम जनता भुगत रही है।

वहीं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहु और वरिष्ठ भाजपा नेता सी पी सिंह ने भी राज्य सरकार पर जनता की समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया। भाजपा नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि बिजली और पानी की समस्या का जल्द समाधान नहीं हुआ तो पार्टी राज्यभर में आंदोलन को और तेज करेगी।

Read More News

जमशेदपुर ट्रिपल मर्डर: रिटायरमेंट के डर ने उजाड़ दिया पूरा परिवार, बेटे के सामने फूट-फूटकर रोया आरोपी पिता

एक ही परिवार के तीन लोगों की हत्या के बाद इलाके में मातम पसरा हुआ है। आरोपी पिता रवींद्र सिंह ने...

Read More