भारी बारिश से डूबा बागबेड़ा फिल्टर प्लांट, 1140 घरों की जलापूर्ति बाधित
पूर्वी सिंहभूम, बागबेड़ा हाउसिंग कॉलोनी के फिल्टर प्लांट परिसर में भारी बारिश के कारण पानी भर गया।
इससे जलापूर्ति पूरी तरह ठप हो गई। प्लांट के सैंप में भरे पानी को रविवार से मोटर पंप के जरिए बाहर निकाला जा रहा है। इस वजह से कॉलोनी के करीब 1140 घरों के 20 हजार से अधिक लोगों को पानी की किल्लत का सामना करना पड़ा है।
उपायुक्त और एसएसपी ने रथ मेला की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
रांची, उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री और एसएसपी चंदन कुमार सिन्हा ने रविवार को जगन्नाथपुर रथ यात्रा की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। साथ ही जिला के वरीय पदाधिकारियों और मंदिर समिति के सदस्यों के साथ बैठक की।
उपायुक्त भजंत्री ने मेला परिसर में व्यवस्था का जायजा लेते हुए वरीय अधिकारियों ने मंदिर समिति के पदाधिकारी को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया। जगन्नाथपुर मंदिर से मौसी बाड़ी तक रथ यात्रा रूट का निरीक्षण करते हुए उपायुक्त ने श्रद्धालुओं के आवागमन की सुविधा सुनिश्चित करने का निर्देशित किया ।
मंच ने गायों को खिलाई रोटी-सब्जी, गाजर-गुड़
रांची, मारवाड़ी युवा मंच, रांची शाखा की ओर से रविवार को हरमू स्थित रांची गौशाला न्यास में गौ सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मंच के सदस्यों और उनके परिवारजनों ने निर्बल और असहाय गौ माताओं को ताज़ा हरी सब्ज़ी, गाजर, खीरा, रोटी और गुड़ खिलाकर गो सेवा की। सबों ने सेवा भावना के साथ कार्यक्रम में अपनी सहभागिता निभाई।
सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में मेधावी छात्र और अभिभावक सम्मान समारोह आयोजित
रांची, धुर्वा स्थित सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में रविवार को मेधावी छात्र अभिनंदन सह अभिभावक सम्मान समारोह आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में कक्षा 10वीं और 12वीं में उत्कृष्ट अंक लाने वाले छात्रों एवं उनके अभिभावकों को सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में सुजीत कुमार साहू (महाप्रबंधक, केनरा बैंक) तथा विशिष्ट अतिथि अमित कुमार (प्रबंधक, सेंट्रल बैंक) उपस्थित थे।
टाटानगर से चलने वाली कई ट्रेनें रद्द
पूर्वी सिंहभूम, रेलवे की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार दक्षिण पूर्व रेलवे ने 23 जून से 29 जून तक टाटानगर से चलने वाली कई महत्वपूर्ण ट्रेनों के संचालन में बदलाव की घोषणा की है। इनमें कुछ ट्रेनें पूरी तरह रद्द रहेंगी, कुछ आंशिक रूप से रद्द होंगी, जबकि कुछ ट्रेनों का मार्ग बदला गया है या प्रस्थान समय में परिवर्तन किया गया है।
आरटीसी स्कूल के हॉस्टल में नौवीं के छात्र ने की खुदकुशी
पश्चिम सिंहभूम, पश्चिम सिंहभूम जिला स्थित मनोहरपुर के प्रतिष्ठित आरटीसी स्कूल के अनुसूचित जाति छात्रावास में शनिवार रात एक छात्र ने खुदकुशी कर ली।
नौवीं कक्षा में पढ़ने वाले छात्र सौरभ(14) का शव हॉस्टल के कमरे में फंदे से लटका मिला। आनंदपुर निवासी सौरभ स्कूल में रहकर पढ़ाई कर रहा था। बताया गया कि वह शाम को ट्यूशन के बाद अकेला हॉस्टल लौटा, जबकि अन्य छात्र खेलने चले गए थे। रात को सहपाठी संतोष नाग जब कमरे में लौटा, तो दरवाज़ा अंदर से बंद था। खटखटाने पर भी कोई जवाब नहीं मिला तो दरार से झांकने पर सौरभ का शव पंखे से लटका दिखा। दरवाज़ा तोड़कर उसे बाहर निकाला गया और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घर से दूध लेने निकले दो मौसेरे भाइयों की तालाब से शव बरामद
पलामू, घर से दूध लेने निकले दो मौसेरे भाइयों की रविवार सुबह तालाब से शव बरामद हुआ। नहाने के क्रम में डूबने से उनकी मौत हुई। दोनों शनिवार शाम से लापता थे। उनकी खोजबीन की जा रही थी। उनकी पहचान मेदिनीनगर शहर थाना क्षेत्र के रांची रोड रेड़मा दशगात्र मंडप के पास रहने वाले आनंद दुबे का पुत्र अर्पित दुबे (6)और उसके मौसेरे भाई बेलवाटिका गुरुद्वारा के पीछे रहने वाले आरो दुबे(8), पिता अनुराग दुबे के रूप में हुई है।
आदर्श नगर फेज-7 में जलजमाव से मिलेगी राहत, नई नाली निर्माण का हुआ सर्वे
पूर्वी सिंहभूम, शहर के आदर्श नगर फेज-7 और आसपास के इलाकों में हाल ही में हुई भारी बारिश के कारण जलजमाव की गंभीर समस्या सामने आई थी। स्थानीय निवासियों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए रविवार को जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (जेएनएसी) की टीम ने इलाके का निरीक्षण किया और नई नाली निर्माण के लिए स्थल का सर्वेक्षण किया।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल और पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने की संगठनात्मक चर्चा
दुमका, पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी और पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास के बीच संथाल परगना दौरे के दौरान दुमका परिसदन भवन में रविवार को मुलाकात हुई। इस दौरान दोनों नेताओ ने पार्टी संगठन और राज्य की राजनीति से संबंधित विषयों पर विस्तार से चर्चा किया।
कांग्रेस पार्टी जमीन पर रहकर काम करती है: मंत्री
जामताड़ा, झारखंड सरकार के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने रविवार को मिहिजाम में आयोजित कार्यक्रम के दौरान भाजपा पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी जमीन पर रहकर काम करती है, जबकि भाजपा सिर्फ सोशल मीडिया पर दिखती है।