भारी बारिश से डूबा बागबेड़ा फिल्टर प्लांट, 1140 घरों की जलापूर्ति बाधित

पूर्वी सिंहभूम, बागबेड़ा हाउसिंग कॉलोनी के फिल्टर प्लांट परिसर में भारी बारिश के कारण पानी भर गया।

इससे जलापूर्ति पूरी तरह ठप हो गई। प्लांट के सैंप में भरे पानी को रविवार से मोटर पंप के जरिए बाहर निकाला जा रहा है। इस वजह से कॉलोनी के करीब 1140 घरों के 20 हजार से अधिक लोगों को पानी की किल्लत का सामना करना पड़ा है।

स्थानीय निवासी सुबोध झा ने बताया कि पानी भरने की स्थिति का वीडियो 19 जून को बनाया गया था, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि प्लांट परिसर किस तरह जलमग्न हो गया था। जलजमाव के कारण पंपिंग सेट बंद हो गया और पानी की सप्लाई पूरी तरह बाधित हो गई।

झा ने विभाग और पंचायत प्रशासन की लापरवाही को इसके लिए जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि वर्षों पुराना फिल्टर प्लांट समय पर साफ नहीं किया गया और न ही जल निकासी की कोई मुकम्मल व्यवस्था की गई, जिसकी वजह से यह स्थिति उत्पन्न हुई है।

फिलहाल फिल्टर प्लांट के सैंप से मोटर के जरिए पानी निकालने का कार्य जारी है ताकि जल्द से जल्द जलापूर्ति बहाल की जा सके।

Read More News

Read More