News Saga Desk
रांची | Central Coalfields Limited (सीसीएल) ने शिक्षा एवं सामाजिक उत्थान की दिशा में एक महत्वपूर्ण और दूरदर्शी कदम उठाते हुए “सीसीएल विद्या सारथी” परियोजना की शुरुआत की है। इस महत्वाकांक्षी योजना के सफल संचालन के लिए सीसीएल और National Computer Literacy Mission (NCSM) के बीच रांची स्थित मुख्यालय में समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए।
कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (CSR) के तहत शुरू की गई इस पहल का उद्देश्य सीसीएल कमांड क्षेत्रों में रहने वाले मेधावी एवं आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को जेईई और नीट जैसी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं की गुणवत्तापूर्ण एवं निःशुल्क तैयारी उपलब्ध कराना है।
यह योजना उन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के लिए उम्मीद की नई किरण साबित होगी, जो आर्थिक संसाधनों की कमी के कारण बड़े शहरों के महंगे कोचिंग संस्थानों तक नहीं पहुंच पाते, लेकिन उच्च शिक्षा प्राप्त कर अपने सपनों को साकार करना चाहते हैं। “सीसीएल विद्या सारथी” योजना के माध्यम से अब ऐसे विद्यार्थियों को अपने ही क्षेत्र में आधुनिक शैक्षणिक सुविधाओं के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का अवसर मिलेगा।
400 विद्यार्थियों का होगा चयन
कार्यक्रम के तहत वर्ष 2026 में 10वीं बोर्ड परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले अधिकतम 400 विद्यार्थियों का चयन पारदर्शी प्रवेश परीक्षा के माध्यम से किया जाएगा। प्रवेश परीक्षा में वही विद्यार्थी शामिल हो सकेंगे, जिनकी पारिवारिक वार्षिक आय 8 लाख रुपये से कम हो तथा जिनका निवास किसी भी सीसीएल खदान, प्रतिष्ठान या इकाई से 25 किलोमीटर के दायरे में हो।
10 डीएवी विद्यालय बनेंगे अध्ययन केंद्र
योजना के तहत सीसीएल कमांड क्षेत्रों में स्थित 10 डीएवी विद्यालयों को अध्ययन केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। प्रत्येक केंद्र में आधुनिक स्मार्ट क्लासरूम स्थापित किए जाएंगे, जहां चयनित विद्यार्थियों को अनुभवी शिक्षकों एवं विषय विशेषज्ञों द्वारा दो वर्षों तक व्यवस्थित एवं परिणामोन्मुख शिक्षा दी जाएगी।
विद्यार्थियों को कक्षा आधारित मार्गदर्शन, डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म, स्मार्ट क्लासरूम सुविधा, अध्ययन सामग्री, पुस्तकें, नियमित मॉक टेस्ट, प्रदर्शन मूल्यांकन, सुधारात्मक कक्षाएं तथा राष्ट्रीय स्तर के विशेषज्ञों के साथ संवादात्मक सत्र जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके अलावा स्कूल बैग, स्टेशनरी एवं अन्य आवश्यक अध्ययन सामग्री भी निःशुल्क दी जाएगी।

सप्ताहांत में संचालित होंगी कक्षाएं
विद्यार्थियों की नियमित स्कूली शिक्षा प्रभावित न हो, इसके लिए कक्षाओं का संचालन शनिवार एवं रविवार को विद्यालय की सामान्य पढ़ाई समाप्त होने के बाद किया जाएगा। इससे विद्यार्थी अपनी औपचारिक शिक्षा के साथ-साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी प्रभावी ढंग से कर सकेंगे।
“सीसीएल के लाल एवं सीसीएल की लाडली” योजना से मिली सफलता
गौरतलब है कि सीसीएल पहले से ही शिक्षा एवं प्रतिभा संवर्धन के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करता रहा है। कंपनी की लोकप्रिय सीएसआर योजना “सीसीएल के लाल एवं सीसीएल की लाडली” के अंतर्गत प्रतिवर्ष 20 छात्र और 20 छात्राओं का चयन कर उन्हें IIT-JEE की निःशुल्क तैयारी, प्लस-2 शिक्षा, हॉस्टल, मेस एवं अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं।
इस योजना के माध्यम से अब तक 194 विद्यार्थी IIT, NIT और अन्य प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग संस्थानों में प्रवेश प्राप्त कर चुके हैं और अपने क्षेत्र के लिए प्रेरणा स्रोत बने हैं।
इसे भी पढ़ें दिल्ली रवाना हुए चंपई सोरेन, बोले- आदिवासी समाज की आवाज से कुछ दलों को हो रही तकलीफ
“सीसीएल विद्या सारथी” योजना शिक्षा के क्षेत्र में सामाजिक समावेशन और अवसरों की समानता सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है। यह परियोजना न केवल विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा के लिए सक्षम बनाएगी, बल्कि उनके भीतर आत्मविश्वास और उज्ज्वल भविष्य के प्रति नई उम्मीद भी जगाएगी।
इसे भी देखें लाल किले में जनजातीय समागम पर चंपई सोरेन का बड़ा बयान, कांग्रेस पर साधा निशाना
No Comment! Be the first one.