विधानसभा चुनाव 2026: पांच राज्यों में गिनती, बंगाल के नतीजों पर टिकी सबकी निगाहें

देश के पांच राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में हुए विधानसभा चुनावों के नतीजे आज घोषित किए जा रहे हैं। वोटों की गिनती जारी है और शुरुआती रुझानों में कई राज्यों में दिलचस्प मुकाबला देखने को मिल रहा है। सबसे ज्यादा चर्चा पश्चिम बंगाल की हो रही है, जहां टीएमसी और बीजेपी के बीच कड़ी टक्कर बनी हुई है।

असम में बीजेपी बढ़त बनाए हुए है, जबकि केरल में यूडीएफ को शुरुआती बढ़त मिलती दिख रही है। तमिलनाडु में सत्ताधारी डीएमके गठबंधन मजबूत स्थिति में नजर आ रहा है। वहीं पुडुचेरी में यह साफ होगा कि एनडीए की रंगास्वामी सरकार सत्ता में वापसी करेगी या जनता बदलाव चुनेगी।

बंगाल में टीएमसी-बीजेपी के बीच कांटे की टक्कर

पश्चिम बंगाल की 294 विधानसभा सीटों में से 293 सीटों के नतीजे आज आ रहे हैं। एक सीट पर पुनर्मतदान होना बाकी है। शुरुआती रुझानों में टीएमसी और बीजेपी के बीच बेहद करीबी मुकाबला देखने को मिल रहा है। दोनों दल लगातार एक-दूसरे को कड़ी चुनौती दे रहे हैं और सीटों का आंकड़ा 100 के पार पहुंच चुका है।

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी लगातार चौथी बार सत्ता में वापसी की कोशिश कर रही हैं, जबकि बीजेपी पहली बार बंगाल में सरकार बनाने के लक्ष्य के साथ मैदान में उतरी है। राज्य में इस बार रिकॉर्ड 92 फीसदी से ज्यादा मतदान दर्ज किया गया, जो आजादी के बाद सबसे अधिक बताया जा रहा है।

भवानीपुर सीट पर सबसे ज्यादा नजरें टिकी हैं, जहां मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी आमने-सामने हैं।

तमिलनाडु में डीएमके की बढ़त कायम

तमिलनाडु की 234 विधानसभा सीटों के लिए 23 अप्रैल को मतदान हुआ था। राज्य में 85.14 फीसदी मतदान दर्ज किया गया, जो पिछले चुनावों की तुलना में काफी अधिक है।

मुख्यमंत्री एमके स्टालिन के नेतृत्व वाली डीएमके सरकार शुरुआती रुझानों में बढ़त बनाए हुए है। वहीं एआईएडीएमके के नेतृत्व वाला एनडीए गठबंधन वापसी की कोशिश में जुटा है। अभिनेता विजय की पार्टी टीवीके भी इस चुनाव में मुकाबले को रोचक बनाने में लगी हुई है।

केरल और पुडुचेरी में भी सियासी हलचल

केरल की 140 विधानसभा सीटों के लिए 9 अप्रैल को मतदान हुआ था। शुरुआती रुझानों में यूडीएफ को बढ़त मिलती दिख रही है। राज्य में इस बार 78.27 फीसदी मतदान हुआ।

वहीं पुडुचेरी की 30 सीटों पर भी 9 अप्रैल को वोट डाले गए थे। यहां करीब 90 फीसदी मतदान दर्ज किया गया। एनडीए गठबंधन की अगुवाई कर रहे रंगास्वामी के सामने सत्ता बचाने की चुनौती है।

असम में बीजेपी की बढ़त

असम की 126 विधानसभा सीटों पर भी 9 अप्रैल को मतदान हुआ था। मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा के नेतृत्व में बीजेपी लगातार तीसरी बार सरकार बनाने का दावा कर रही है। शुरुआती रुझानों में बीजेपी गठबंधन आगे चल रहा है, जबकि कांग्रेस 10 साल बाद सत्ता में वापसी की उम्मीद लगाए हुए है।

राज्य में इस बार 85 फीसदी से ज्यादा मतदान दर्ज किया गया, जिसे अब तक का रिकॉर्ड मतदान माना जा रहा है।

Read More News

वियतनाम से रांची पहुंचा योग शिक्षक राजा वर्मा का पार्थिव शरीर, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

वियतनाम में सड़क दुर्घटना में जान गंवाने वाले रांची के योग शिक्षक राजा कुमार वर्मा का पार्थिव शरीर...

रांची में राज्य स्तरीय स्कूली खेल प्रतियोगिता शुरू, 24 जिलों के करीब 1000 खिलाड़ी ले रहे हिस्सा

रांची के खेलगांव स्थित बिरसा मुंडा एथलेटिक्स स्टेडियम में खेलो झारखंड के तहत दो दिवसीय राज्य स्तरीय...

Read More