NEWS SAGA DESK
सुपौल जिले के राजेश्वरी थाना क्षेत्र के बेरिया वार्ड संख्या-4 में सोमवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में पोखर में डूबने से एक बुजुर्ग की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतक की पहचान नारायण मंडल (63) के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों के अनुसार वह सोमवार दोपहर खेत से काम कर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान घर से करीब 500 मीटर दूर स्थित एक पोखर पर हाथ-पैर धोने के लिए रुके थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पोखर में उतरते समय उनका पैर फिसल गया, जिससे वे गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद पोखर से उनका शव बाहर निकाला। घटना की सूचना मिलने पर परिवार के सदस्य भी मौके पर पहुंचे। शव देखते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव का माहौल गमगीन हो गया।
परिजनों के अनुसार नारायण मंडल अपने पीछे बड़ा परिवार छोड़ गए हैं। उनकी पांच पुत्रियों में से चार की शादी हो चुकी है, जबकि एक पुत्री अविवाहित है। इसके अलावा उनके दो पुत्र भी हैं। परिवार का कहना है कि वह मेहनती और जिम्मेदार व्यक्ति थे तथा परिवार के महत्वपूर्ण सदस्य के रूप में उनकी भूमिका थी। उनकी अचानक मौत से परिवार गहरे सदमे में है।
घटना की सूचना मिलने के बाद राजेश्वरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इधर, स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को सरकारी सहायता और उचित मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि आर्थिक सहायता मिलने से शोकाकुल परिवार को कुछ राहत मिल सकेगी।
No Comment! Be the first one.