रक्षा राज्य मंत्री ने GAIL कार्यालय में पीएनजी और सिटी गैस परियोजनाओं की समीक्षा की
News Saga Desk
रांची | संजय सेठ ने शुक्रवार को राजधानी रांची स्थित GAIL (India) Limited के क्षेत्रीय कार्यालय में पाइपलाइन के माध्यम से गैस आपूर्ति (PNG) और सिटी गैस वितरण परियोजनाओं की प्रगति को लेकर समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने अधिकारियों से परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति, कार्यों की गति और भविष्य की योजनाओं की विस्तृत जानकारी ली तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
रक्षा राज्य मंत्री ने निर्देश दिया कि रांची शहर के अधिक से अधिक घरों तक पाइपलाइन के माध्यम से गैस आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों को सुरक्षित, सस्ती और पर्यावरण अनुकूल गैस सुविधा उपलब्ध कराना केंद्र सरकार की प्राथमिकता है। इसके लिए टास्क फोर्स का गठन कर युद्धस्तर पर पीएनजी कनेक्शन दिए जाएं और अधिकाधिक परिवारों को इससे जोड़ा जाए।
बैठक में रोशनी खलखो, पूर्व राज्यसभा सांसद अजय मारू, चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा, इंडस्ट्रीज एसोसिएशन से जुड़े अजय भंडारी एवं विनय टिबरेवाल तथा होटल एसोसिएशन से चंद्रकांत रायपत सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
अधिकारियों ने जानकारी दी कि रांची में अब तक 854 किलोमीटर एमडीपीई पाइपलाइन और 70 किलोमीटर स्टील पाइपलाइन बिछाई जा चुकी है। शहर में 28 सीएनजी स्टेशन संचालित हो रहे हैं, जहां प्रतिदिन लगभग 38 हजार से 42 हजार किलोग्राम सीएनजी की बिक्री हो रही है।
पीएनजी परियोजना के तहत अब तक 79,071 घरेलू पीएनजी अवसंरचना विकसित की गई है, जबकि 23,628 घरेलू उपभोक्ताओं को पीएनजी कनेक्शन से जोड़ा जा चुका है। इसके अलावा 165 वाणिज्यिक और 16 औद्योगिक उपभोक्ता भी इस सुविधा से लाभान्वित हो रहे हैं।
अधिकारियों ने बताया कि वर्तमान में अशोक नगर, हरमू, हीनू, अरगोड़ा, पुंदाग, बरियातू, कांके, कोकर, तातीसिलवे, नामकुम और खेलगांव सहित कई प्रमुख क्षेत्रों में पीएनजी नेटवर्क उपलब्ध है। वहीं मोराबादी, हेहल, लालपुर, एचईसी क्षेत्र, स्मार्ट सिटी और बीआईटी मेसरा सहित अन्य इलाकों में नेटवर्क विस्तार की योजना पर कार्य जारी है।
बैठक में झिरी स्थित 5 टीपीडी क्षमता के कम्प्रेस्ड बायोगैस (CBG) प्लांट की भी जानकारी दी गई। यह प्लांट नगर निगम के ठोस अपशिष्ट को हरित ईंधन और जैव उर्वरक में परिवर्तित कर स्वच्छ ऊर्जा एवं सतत अपशिष्ट प्रबंधन को बढ़ावा दे रहा है।
बैठक के बाद रक्षा राज्य मंत्री ने दो फायर बाइक का उद्घाटन भी किया। इन बाइकों का उपयोग उन मोहल्लों में किया जाएगा, जहां बड़ी दमकल गाड़ियां नहीं पहुंच पातीं। यह बाइक गेल पाइपलाइन में आग लगने की स्थिति में आग बुझाने में मदद करेगी। बाइक में पानी और अग्निशमन सामग्री उपलब्ध रहेगी। रक्षा राज्य मंत्री ने गेल के इस प्रयास की सराहना की।
No Comment! Be the first one.