रांची के तुपुदाना में टाइल्स फैक्ट्री के बाहर फायरिंग, PLFI नक्सलियों ने छोड़ा धमकी भरा पर्चा

News Saga Desk

रांची। रांची के तुपुदाना ओपी क्षेत्र स्थित हिन्दुस्तान टाइल्स फैक्ट्री के मुख्य गेट पर बुधवार देर रात संदिग्ध पीएलएफआई नक्सलियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दहशत फैला दी। घटना रात करीब 11 जून को घटी, जब बाइक पर सवार दो अज्ञात युवक फैक्ट्री के पास पहुंचे। बाइक पर पीछे बैठे युवक ने पिस्तौल से फैक्ट्री गेट पर गोलियां चलाईं, जिसके बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। बताया जा रहा है कि वे खूंटी की ओर भाग निकले। घटना के तुरंत बाद पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद रातभर इलाके में सघन छापेमारी अभियान चलाया गया। घटनास्थल से हालांकि कोई कारतूस का खोखा बरामद नहीं हुआ है, लेकिन सीसीटीवी फुटेज में एक युवक को फायरिंग करते स्पष्ट देखा जा सकता है। फैक्ट्री परिसर में एक धमकी भरा पर्चा भी मिला है, जो पीएलएफआई (पीपुल्स लिबरेशन फ्रंट ऑफ इंडिया) के लेटरहेड पर लिखा हुआ है। पर्चे में पीएलएफआई के सब-जोनल कमांडर द्वारा चेतावनी दी गई है: “तुम लोगों को समझाते हैं तो समझते नहीं हो। बहुत बुरा अंजाम होगा। जल्द पीएलएफआई कमांडर से संपर्क करो, नहीं तो आगे अंजाम भुगतने के लिए तैयार रहो।” फिलहाल पुलिस ने धमकी भरा पर्चा जब्त कर लिया है और मामले की गहन जांच जारी है।


Read More News

Read More